ठंडी हवाओं और बारिश के बीच मां वैष्णो देवी के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, 14 हजार श्रद्धालुओं ने कराया पंजीकरण

कटड़ा। ठंडी हवाओं और बीच-बीच में हुई हल्की बारिश के बावजूद मां वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार रहा। शुक्रवार को मौसम में बदलाव के बीच भी यात्रा पूरे जोश और श्रद्धा के साथ जारी रही। यात्रा के प्रमुख मार्ग खुले रहने से श्रद्धालुओं को राहत मिली और बैटरी कार, घोड़ा, पिट्ठू तथा पालकी जैसी सुविधाओं का लाभ मिलता रहा।

शुक्रवार शाम चार बजे तक करीब 14 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे, जबकि आधार शिविर कटड़ा में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी रहा। स्वतंत्रता दिवस सहित अन्य त्योहारों को देखते हुए आने वाले दिनों में यात्रा में और बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।

बैटरी कार मार्ग खुला, श्रद्धालुओं को मिली राहत

मौसम खराब होने के बावजूद बैटरी कार मार्ग खुला रहा। इससे बुजुर्गों, बच्चों और अन्य जरूरतमंद श्रद्धालुओं को यात्रा में काफी सुविधा मिली। घोड़ा, पिट्ठू और पालकी सेवाएं भी उपलब्ध रहीं। यात्रा मार्ग से लेकर भवन परिसर तक श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी रही।

बादलों के कारण हेलीकॉप्टर सेवा प्रभावित

त्रिकूट पर्वत पर बादलों का जमघट रहने के कारण हेलीकॉप्टर सेवा प्रभावित रही। मौसम में थोड़ी राहत मिलने पर बीच-बीच में हेलीकॉप्टर सेवा संचालित हुई, लेकिन अधिकांश समय खराब मौसम के कारण इसे रोकना पड़ा। इसके बावजूद पैदल यात्रा सहित अन्य सेवाएं सुचारु रूप से चलती रहीं।

सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर

श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा के लिए यात्रा मार्ग पर आपदा प्रबंधन दल, श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस और सीआरपीएफ के अधिकारी एवं जवान तैनात रहे। सभी टीमें मौसम की स्थिति और यात्रा व्यवस्था पर लगातार नजर रखे हुए हैं।

प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। ठंडी हवाओं और हल्की बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखाई दी। मां के जयकारों से यात्रा मार्ग और कटड़ा का वातावरण भक्तिमय बना रहा।