स्वतंत्रता दिवस पर श्राइन बोर्ड ने दोहराई श्रद्धालु सेवा और जनकल्याण की प्रतिबद्धता

स्वतंत्रता दिवस पर श्राइन बोर्ड ने दोहराई श्रद्धालु सेवा और जनकल्याण की प्रतिबद्धता

50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए मां वैष्णो देवी के दर्शन, सुविधाओं के विस्तार पर जोर

कटरा। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से कटरा स्थित श्री माता वैष्णो देवी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव से ओतप्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सचिन कुमार वैश्य ने तिरंगा फहराया। इससे पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस, सीआरपीएफ, एनसीसी के बालक-बालिकाओं तथा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने शानदार मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ?विकसित भारत 2047 के लिए युवा शक्ति? के संदेश के साथ युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि श्राइन बोर्ड के लिए श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षित यात्रा और बेहतर तीर्थ व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। वर्ष 2026 में जून तक 50 लाख से अधिक श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के पवित्र धाम में दर्शन कर चुके हैं, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में करीब 11 लाख अधिक हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को माता के प्रति आस्था और श्राइन बोर्ड की व्यवस्थाओं में बढ़ते विश्वास का प्रतीक बताया।

श्राइन बोर्ड की ओर से तीर्थयात्रियों की सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। कटरा के हट गांव में नवनिर्मित हेलीपैड तथा भवन में नए वैष्णवी भवन जैसी परियोजनाओं से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। इसके साथ ही कटरा में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय देवी संग्रहालय को भारत की समृद्ध शक्ति परंपरा और देवी दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया गया।

जनकल्याण के क्षेत्र में भी श्राइन बोर्ड की उल्लेखनीय पहल जारी है। कटरा स्थित मां दुर्गा डेंटल क्लिनिक की आधुनिक दंत प्रयोगशाला को करीब 43.54 लाख रुपये की लागत से उन्नत कर शुरू किया गया है, जिससे स्थानीय लोगों के साथ श्रद्धालुओं को भी बेहतर दंत चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत टीबी मरीजों को 270 पोषण खाद्य टोकरी उपलब्ध कराई गईं।

रेवासी जिले के सरोटकोट, खानिकोट और पौनी में तीन मंदिरों के निर्माण तथा भम्याल स्थित शिव परिवार मंदिर और ठाकुरद्वारा मंदिर के जीर्णोद्धार पर करीब 1.19 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए राजौरी और पुंछ जिला प्रशासन को 40 लाख रुपये की राहत सामग्री भी उपलब्ध कराई गई है।

महिला सशक्तीकरण की दिशा में भी श्राइन बोर्ड महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। करीब 13 स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 450 से 500 महिलाएं प्रसाद सामग्री की आपूर्ति से जुड़ी हैं। इस पहल के माध्यम से पिछले वित्तीय वर्ष में करीब 3.50 करोड़ रुपये के आय सृजन के अवसर उपलब्ध हुए।

पर्यावरण संरक्षण और खेलों के क्षेत्र में भी श्राइन बोर्ड की उपलब्धियों को रेखांकित किया गया। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है। पैरा तीरंदाज पायल नाग द्वारा विश्व तीरंदाजी पैरा सीरीज 2026 में स्वर्ण पदक जीतने की उपलब्धि की विशेष सराहना की गई। महिला बास्केटबॉल टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन की भी प्रशंसा की गई।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और नशामुक्त अभियान का संदेश दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले श्राइन बोर्ड कर्मचारियों तथा मार्च-पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रम में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ-साथ समाज के कमजोर वर्गों की सहायता, महिला सशक्तीकरण, पर्यावरण संरक्षण और युवाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में श्राइन बोर्ड भविष्य में भी निरंतर कार्य करता रहेगा। स्वतंत्रता दिवस समारोह ने राष्ट्रभक्ति, सेवा और जनकल्याण के संकल्प को और मजबूत किया।

इस अवसर पर श्राइन बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, सुरक्षा बलों के जवान, शिक्षण संस्थानों के प्रमुख, शिक्षक, विद्यार्थी, स्थानीय नागरिक, मीडिया प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। श्री सचिन कुमार वैश्य ने श्राइन बोर्ड के केंद्रीय कार्यालय में भी तिरंगा फहराया।