फिरोजपुर मंडल में डिजिटल भुगतान को बढ़ावा, यूपीआई से टिकट बुकिंग में 15 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि

फिरोजपुर। रेलवे यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक टिकटिंग सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फिरोजपुर मंडल द्वारा डिजिटल भुगतान को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। मंडल की विभिन्न पहलों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है और प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर डिजिटल लेनदेन, विशेषकर यूपीआई भुगतान में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को डिजिटल माध्यम से टिकट बुकिंग के लिए प्रोत्साहित करने के साथ-साथ प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर डिजिटल भुगतान के लिए विशेष बुकिंग खिड़कियां भी निर्धारित की हैं। इससे टिकट लेने की प्रक्रिया अधिक तेज, सुरक्षित और पारदर्शी बनी है। साथ ही स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन में भी सुधार हुआ है और नकद भुगतान पर निर्भरता कम हुई है।

मंडल द्वारा "रेलवन" ऐप के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए समय-समय पर विशेष अभियान भी चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों के कारण यात्रियों में डिजिटल भुगतान के प्रति रुचि लगातार बढ़ रही है।

रेलवे के अनुसार, अप्रैल से जून 2026 के दौरान फिरोजपुर मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों लुधियाना, जालंधर सिटी, जालंधर कैंट, अमृतसर और फिरोजपुर कैंट पर प्रतिदिन होने वाले कुल टिकट लेनदेन में 15 प्रतिशत से अधिक डिजिटल भुगतान दर्ज किया गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने यात्रियों से अधिक से अधिक डिजिटल माध्यमों का उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि इससे टिकटिंग प्रक्रिया तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक बनती है। उन्होंने बताया कि मंडल के डिजिटल जागरूकता अभियानों का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है और यात्रियों में यूपीआई सहित अन्य डिजिटल भुगतान माध्यमों का उपयोग लगातार बढ़ रहा है।