प्रयागराज मंडल में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, 132 रेलकर्मी हुए सम्मानित

प्रयागराज। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रयागराज मंडल कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह, उल्लास, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। राष्ट्रगान और ?वंदे मातरम्? की गूंज के बीच मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। समारोह में रेलवे सुरक्षा बल, सिविल डिफेंस तथा भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की टुकड़ियों ने शानदार परेड प्रस्तुत की, जिसका मंडल रेल प्रबंधक ने निरीक्षण किया।

समारोह का सबसे खास आकर्षण उल्लेखनीय कार्य करने वाले 132 रेलकर्मियों का सम्मान रहा। मंडल रेल प्रबंधक ने उत्कृष्ट कार्य और कर्तव्यों के प्रति समर्पण के लिए रेलकर्मियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों, यूनियन एवं फेडरेशन के पदाधिकारियों तथा मीडिया प्रतिनिधियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

ऊर्जा, पर्यावरण और नवाचार में मंडल की बड़ी उपलब्धियां

मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने कहा कि प्रयागराज मंडल ऊर्जा, उत्साह, सकारात्मक सोच और टीम भावना से परिपूर्ण है। सभी अधिकारी, पर्यवेक्षक और कर्मचारी एक परिवार की भावना के साथ मिलकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने महाकुंभ जैसे विश्वस्तरीय आयोजन में मंडल द्वारा प्रदान की गई सेवाओं को गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

उन्होंने बताया कि जुलाई 2026 में स्लीपर कोच में 6.93 किलोवाट क्षमता वाले सोलर सिस्टम की सफल शुरुआत की गई है। मंडल में कुल 1,572 किलोवाट क्षमता के रूफटॉप सोलर पावर प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं। पर्यावरण संरक्षण के तहत चालू वित्त वर्ष में लगभग 9.29 लाख पौधे लगाए गए हैं।

यात्री और माल परिवहन से बढ़ा राजस्व

चालू वित्त वर्ष में अब तक मंडल ने 2.68 करोड़ यात्रियों को परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई, जिससे 629.58 करोड़ रुपये की यात्री आय प्राप्त हुई। माल लदान से 312.26 करोड़ रुपये की आय हुई और मंडल की कुल आय लगभग 1,019 करोड़ रुपये रही। हरदुआगंज, अलीगढ़ और शिकोहाबाद मालगोदामों से पहली बार मक्का का लदान भी किया गया।

गैर-किराया राजस्व के क्षेत्र में प्रयागराज जंक्शन के सिटी साइड पर जी+5 बहुउद्देशीय परिसर के लिए 15 वर्ष का लाइसेंस दिया गया है, जिससे लगभग 2.10 करोड़ रुपये वार्षिक आय होने की उम्मीद है। प्रयागराज छिवकी के वाणिज्यिक केंद्र से लगभग 18.50 लाख रुपये वार्षिक राजस्व प्राप्त होगा।

समयपालनता में उल्लेखनीय सुधार

मंडल में मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों की समयपालनता जुलाई तक 87.89 प्रतिशत रही, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में 7.4 प्रतिशत अधिक है। जुलाई में समयपालनता बढ़कर 88.91 प्रतिशत रही। यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए 1 अप्रैल से 31 जुलाई 2026 के बीच 5,207 विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया।

विंध्याचल-गैपुरा के बीच 12.2 किलोमीटर लंबी तीसरी रेल लाइन को जुलाई में चालू किया गया। वहीं पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन-प्रयागराज के बीच 47.57 किलोमीटर लंबी तीसरी लाइन तथा चुनार-चोपन खंड में 34 किलोमीटर दोहरीकरण परियोजना को भी आगे बढ़ाया जा रहा है।

संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता

मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि सुरक्षित रेल संचालन मंडल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। चालू वित्त वर्ष में 85 रेलकर्मियों को संरक्षा पुरस्कार दिए गए। इसके अलावा 16 संरक्षा अभियान, 7 संरक्षा संगोष्ठियां, 9 संरक्षा बैठकें, 4 संरक्षा ऑडिट और 1,760 संरक्षा निरीक्षण किए गए।

जुलाई तक 105 डब्ल्यूएपी-7 विद्युत इंजनों में 100 प्रतिशत कवच प्रणाली की स्थापना पूरी कर ली गई है। अब ईएलएस/सीएनबी आधारित कुल 238 विद्युत इंजन कवच से लैस हो चुके हैं। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए टीटीई के लिए शरीर पर लगाए जाने वाले कैमरों की पहल भी शुरू की गई है।

रेलकर्मियों के कल्याण पर विशेष जोर

मंडल में कर्मचारियों के बेहतर कैरियर और कल्याण के लिए भी कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। जुलाई तक 417 नए कर्मचारियों की भर्ती, 3,637 उम्मीदवारों का शारीरिक दक्षता परीक्षण और 480 युवाओं को प्रशिक्षुता के तहत प्रशिक्षण दिया गया। कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाने के लिए 2,271 पदोन्नतियां दी गईं और 625 एसीपी मामलों का निस्तारण किया गया।

सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सभी 460 सेटलमेंट मामलों का निस्तारण उसी दिन किया गया, जिस दिन कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए। सेवा के दौरान दिवंगत 110 कर्मचारियों के आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति दी गई। कर्मचारियों एवं आम जनता की 10,834 शिकायतों का निस्तारण तथा 2,420 सूचना के अधिकार मामलों का निर्धारित समय में जवाब दिया गया।

आरपीएफ ने भी दर्ज की उल्लेखनीय उपलब्धियां

रेलवे सुरक्षा बल द्वारा ?नन्हे फरिश्ते? अभियान के तहत 231 बच्चों को सुरक्षित बचाया गया। ?ऑपरेशन नारकोस? के तहत 11 मामलों में 12 लोगों को गिरफ्तार कर करीब 1.09 करोड़ रुपये के नशीले पदार्थ बरामद किए गए। ?ऑपरेशन मातृशक्ति? के तहत 11 महिला यात्रियों को सुरक्षित प्रसव में सहायता दी गई, जबकि जीवन रक्षक अभियान के तहत 7 यात्रियों की जान बचाई गई।

रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

स्वतंत्रता दिवस समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। मृणाल कुमार ने मधुर स्वर में ?लेके आई है हवाएं ये इशारा? गीत प्रस्तुत किया। नव्या सिंह ने भरतनाट्यम की मनमोहक प्रस्तुति दी। स्काउट एवं गाइड टीम की सुमन यादव ने ?वंदे मातरम्? गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि सपना द्विवेदी एवं उनकी टीम ने समूह नृत्य से दर्शकों का मन मोह लिया। रंजीत सिंह ने सिंथेसाइजर और अनिल कुमार ने रिदम प्लेयर पर शानदार संगत प्रदान की।

समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक/सामान्य दीपक कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक/परिचालन मोहम्मद मुबश्शिर वारिस, अपर मंडल रेल प्रबंधक/इन्फ्रा धनंजय कुमार सिंह, महिला कल्याण समिति की अध्यक्षा वंदना अग्रवाल, उपाध्यक्षा गुलशन वारिस एवं प्रज्ञा दीपक सहित सभी विभागों के शाखाधिकारी, यूनियन पदाधिकारी, बड़ी संख्या में रेलकर्मी और उनके परिवार के सदस्य मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ। इसके बाद शांति और सद्भाव के प्रतीक गुब्बारे हवा में छोड़े गए। धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी वैभव कुमार गुप्ता ने किया। समारोह ने प्रयागराज मंडल की उपलब्धियों, रेलकर्मियों की मेहनत और राष्ट्र के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को प्रभावशाली ढंग से सामने रखा।