प्रयागराज–विशाखापट्टनम साप्ताहिक विशेष ट्रेन के समय में बदलाव, 14 अगस्त से नया शेड्यूल लागू

प्रयागराज। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने प्रयागराज-विशाखापट्टनम-प्रयागराज साप्ताहिक विशेष रेलगाड़ी के संचालन समय में संशोधन किया है। इसके साथ ही ट्रेन के संचालन की अवधि भी निर्धारित की गई है।

गाड़ी संख्या 04159 प्रयागराज-विशाखापट्टनम प्रत्येक शुक्रवार को 14 अगस्त 2026 से 27 नवंबर 2026 तक संचालित होगी। वहीं गाड़ी संख्या 04160 विशाखापट्टनम-प्रयागराज प्रत्येक शनिवार को 15 अगस्त 2026 से 28 नवंबर 2026 तक चलेगी।

संशोधित समय-सारणी के अनुसार ट्रेन संख्या 04159 प्रयागराज से सुबह 10:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 1:30 बजे विशाखापट्टनम पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04160 विशाखापट्टनम से शाम 3:40 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 5:30 बजे प्रयागराज पहुंचेगी।

यह विशेष ट्रेन मानिकपुर, सतना, कटनी, शहडोल, अनूपपुर, पेंड्रा रोड, बिलासपुर, रायगढ़, झारसुगुड़ा रोड, संबलपुर जंक्शन, बरगढ़ रोड, बलांगीर, टिटलागढ़, केसिंगा, मुनिगुड़ा, रायगड़ा, पार्वतीपुरम, बोब्बिली और विजयनगरम जंक्शन सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी।

ट्रेन में वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी इकोनॉमी, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, सामान्य श्रेणी और स्लीपर श्रेणी के कोच लगाए गए हैं।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की संशोधित समय-सारणी की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें और किसी भी सहायता या शिकायत के लिए रेल मदद सेवा का उपयोग करें।