प्रयागराज मंडल में उत्कृष्ट टिकट चेकिंग स्टाफ सम्मानित, जुलाई में ₹8.90 करोड़ का राजस्व अर्जित

प्रयागराज। यात्रियों को बिना टिकट और अनियमित यात्रा से रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष टिकट जांच अभियानों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रयागराज मंडल के टिकट चेकिंग कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/कोचिंग हरि मोहन के निर्देशन में लगातार टिकट जांच अभियान चलाए जा रहे हैं।

12 जुलाई को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरि मोहन ने जुलाई माह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले टिकट चेकिंग स्टाफ को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। मंडल के टिकट जांच कर्मचारियों ने बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ विशेष अभियानों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए ₹8.90 करोड़ का राजस्व अर्जित किया।

ओपन स्क्वाड में कुणाल कुमार रहे अव्वल

जुलाई 2026 में ओपन स्क्वाड श्रेणी में कुणाल कुमार, मुख्य टिकट निरीक्षक/प्रयागराज ने 952 मामलों में कार्रवाई करते हुए ₹10.09 लाख का राजस्व अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। संतोष कुमार, वाणिज्यिक सह टिकट लिपिक ने ₹9.98 लाख और राजकुमार यादव, मुख्य टिकट निरीक्षक ने ₹9.24 लाख का राजस्व अर्जित कर क्रमश: दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।

इसके अलावा अविनाश कुमार सिंह और रविकांत तिवारी, उप मुख्य टिकट निरीक्षक ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।

एमेनिटी स्टाफ में विजय पाल का शानदार प्रदर्शन

एमेनिटी स्टाफ श्रेणी में विजय पाल, मुख्य टिकट निरीक्षक/प्रयागराज ने सर्वाधिक आय अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस श्रेणी में पोपट लाल मीणा, लज्जा राम मीणा, बीकेश कुमार सिंह और कृष्णा कुमार चौरसिया ने भी सराहनीय कार्य किया।

महिला टिकट चेकिंग कर्मचारियों में श्वेताम सिंह, उप मुख्य टिकट निरीक्षक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 891 मामलों में कार्रवाई की और ₹8.48 लाख का राजस्व अर्जित कर प्रथम स्थान हासिल किया।

स्टेशन स्टाफ में अरविंद कुमार सिंह प्रथम

स्टेशन स्टाफ श्रेणी में चलाए गए गहन टिकट जांच अभियान के तहत अरविंद कुमार सिंह, मुख्य टिकट निरीक्षक/मानिकपुर ने 799 मामलों में कार्रवाई करते हुए ₹7.82 लाख का राजस्व अर्जित कर पहला स्थान प्राप्त किया।

वहीं सुशांत कुमार, उप मुख्य टिकट निरीक्षक/मानिकपुर और ममता रानी, वरिष्ठ टिकट परीक्षक/फिरोजाबाद ने क्रमश: दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। किरण तिवारी, वाणिज्यिक सह टिकट लिपिक/फिरोजाबाद तथा अंजय कुमार, वाणिज्यिक सह टिकट लिपिक/इटावा ने भी सराहनीय प्रदर्शन किया।

कर्तव्यनिष्ठा से बढ़ा रेलवे राजस्व

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरि मोहन ने सम्मानित कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और निरंतर प्रयासों से रेलवे के राजस्व में वृद्धि के साथ यात्रियों में वैध टिकट लेकर यात्रा करने और रेल नियमों का पालन करने के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है।

प्रयागराज मंडल यात्रियों को सुरक्षित, व्यवस्थित और बेहतर रेल यात्रा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। मंडल प्रशासन ने कहा कि भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित और प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि कार्य संस्कृति में उत्कृष्टता और जिम्मेदारी की भावना को और बढ़ावा मिले।