प्रयागराज-वेरावल स्पेशल ट्रेन को दो नए ठहराव, झींझक और फफूंद के यात्रियों को मिली सौगात

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रयागराज-वेरावल-प्रयागराज साप्ताहिक विशेष ट्रेन को दो नए ठहराव देने का निर्णय लिया है। अब ट्रेन संख्या 04173/04174 का ठहराव झींझक और फफूंद रेलवे स्टेशनों पर भी होगा। इससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को प्रयागराज और वेरावल के बीच सीधी रेल यात्रा की सुविधा मिलेगी।

रेल प्रशासन के अनुसार, गाड़ी संख्या 04173 प्रयागराज-वेरावल विशेष ट्रेन प्रत्येक गुरुवार को 13 अगस्त से 24 सितंबर 2026 तक संचालित होगी। वहीं गाड़ी संख्या 04174 वेरावल-प्रयागराज विशेष ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार को 14 अगस्त से 25 सितंबर 2026 तक चलेगी।

झींझक और फफूंद में यह रहेगा ठहराव

प्रयागराज से चलने वाली ट्रेन संख्या 04173 का झींझक स्टेशन पर रात 1:48 से 1:50 बजे तक तथा फफूंद स्टेशन पर 2:13 से 2:15 बजे तक ठहराव होगा।

वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 04174 का फफूंद स्टेशन पर रात 12:10 से 12:12 बजे तक और झींझक स्टेशन पर 12:28 से 12:30 बजे तक ठहराव निर्धारित किया गया है।

इटावा स्टेशन के समय में भी बदलाव

नए ठहराव के कारण प्रयागराज-वेरावल विशेष ट्रेन के इटावा स्टेशन के समय में संशोधन किया गया है। ट्रेन संख्या 04173 अब इटावा स्टेशन पर दोपहर 2:43 से 2:45 बजे तक ठहरेगी। वापसी की ट्रेन संख्या 04174 के इटावा स्टेशन के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

नए ठहराव से झींझक, फफूंद और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को वेरावल तथा प्रयागराज की दिशा में यात्रा के लिए बेहतर और सुविधाजनक रेल संपर्क मिलेगा। रेलवे की इस पहल से स्थानीय यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।