प्रयागराज में गूंजा देशभक्ति का संदेश, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत निकली भव्य तिरंगा रैली

प्रयागराज। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रयागराज मंडल में ?हर घर तिरंगा अभियान? के तहत गुरुवार को भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली को मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल ने मंडल कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

तिरंगा रैली में रेलवे के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर रेलकर्मियों ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रगौरव का संदेश दिया। रैली मंडल रेल कार्यालय से शुरू होकर प्रयागराज जंक्शन पहुंची।

प्रयागराज जंक्शन के सिटी साइड स्थित पोर्टिको में इस अवसर पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से देशप्रेम और राष्ट्रभक्ति के साथ-साथ स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने और पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक सामान्य दीपक कुमार, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी वैभव कुमार गुप्ता, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरि मोहन सहित रेलवे के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

तिरंगे से भावनात्मक जुड़ाव बढ़ाने का संदेश

?हर घर तिरंगा अभियान? का उद्देश्य नागरिकों के मन में देशभक्ति की भावना को मजबूत करना और राष्ट्रीय ध्वज के साथ प्रत्येक नागरिक के भावनात्मक जुड़ाव को बढ़ाना है। अभियान के माध्यम से लोगों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर गर्व और सम्मान के साथ तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

प्रयागराज मंडल के इस आयोजन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश एक साथ दिया गया। रेलवे प्रशासन ने सभी नागरिकों से ?हर घर तिरंगा अभियान? में उत्साहपूर्वक भाग लेने और स्वतंत्रता दिवस को देशभक्ति की भावना के साथ मनाने की अपील की।