अनिल कुमार द्विवेदी बने उत्तर मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे में वरिष्ठ अधिकारी अनिल कुमार द्विवेदी को प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी (पीसीएसओ) का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। वह 1 अगस्त 2026 से इस नई जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे। इसके साथ ही वे अपने वर्तमान प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (पीसीएमई) के पद का दायित्व भी संभालते रहेंगे।

भारतीय रेलवे यांत्रिक इंजीनियर सेवा (आईआरएसएमई) के 1992 बैच के अधिकारी अनिल कुमार द्विवेदी ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कमला नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (केएनआईटी), सुल्तानपुर से की है। रेलवे सेवा के दौरान उन्होंने पूर्वोत्तर रेलवे और उत्तर मध्य रेलवे में कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं।

उन्होंने गोंडा डीजल लोको शेड, लोको ऑपरेशन लखनऊ, गोरखपुर वर्कशॉप, प्रयागराज में वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (सी एंड डब्ल्यू), महाप्रबंधक के सचिव तथा अपर मंडल रेल प्रबंधक, प्रयागराज जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। वर्ष 2019 के अर्धकुंभ के सफल संचालन में उन्होंने नोडल अधिकारी के रूप में अहम भूमिका निभाई थी। हाल ही में वे भारतीय रेलवे यांत्रिक एवं विद्युत इंजीनियरिंग संस्थान (इरिमी) में डीन के पद पर भी कार्यरत रहे हैं।

अनिल कुमार द्विवेदी को उत्कृष्ट कार्यों के लिए रेल मंत्री पुरस्कार सहित कई प्रतिष्ठित सम्मान मिल चुके हैं। गोंडा डीजल शेड के बेहतर प्रदर्शन और अर्धकुंभ जैसे विशाल आयोजन के सुरक्षित एवं सफल संचालन के लिए उन्हें रेलवे और शासन स्तर पर कई प्रशंसा पत्र भी प्राप्त हुए हैं।

रेलवे अधिकारियों ने विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में यांत्रिक और संरक्षा विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा, जिससे उत्तर मध्य रेलवे में परिचालन दक्षता, परिसंपत्तियों की विश्वसनीयता और यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी।