9 से 17 अगस्त तक पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे चलाएगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान स्टेशनों और रेलवे परिसरों में होंगे देशभक्ति कार्यक्रम, तिरंगे के साथ सेल्फी के लिए भी किया जाएगा प्रेरित

गुवाहाटी। देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे 9 से 17 अगस्त 2026 तक हर घर तिरंगा अभियान चलाएगा। अभियान के माध्यम से रेलकर्मियों, उनके परिवारों और आम नागरिकों को अपने घरों पर गर्व के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

भारत सरकार द्वारा वर्ष 2022 में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत शुरू किए गए हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के साथ भावनात्मक एवं व्यक्तिगत जुड़ाव स्थापित करने के साथ देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को बढ़ावा देना है।

रेल परिसरों में तिरंगे के रंगों से सजेगा माहौल

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे द्वारा हर वर्ष उत्साह के साथ इस अभियान में भाग लिया जाता है। इस वर्ष भी पूरे रेल क्षेत्राधिकार में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रेल अधिकारियों और कर्मचारियों को अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही वे अपने परिवारों और आम लोगों को भी घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करेंगे।

रेल कार्यालयों और विभिन्न प्रतिष्ठानों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रमुख रेलवे स्टेशनों और महत्वपूर्ण रेल परिसरों को तिरंगे के रंगों से आकर्षक प्रकाश सज्जा के माध्यम से सजाया जाएगा, जिससे यात्रियों और आम लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत किया जा सके।

?वंदे मातरम्? की धुन से गूंजेंगे रेलवे स्टेशन

अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों और अन्य प्रतिष्ठानों में जागरूकता एवं जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर जन उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से राष्ट्रगीत ?वंदे मातरम्? की वाद्य धुन बजाई जाएगी।

इसके साथ ही रेलवे परिसरों में विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित कर राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रवाद का संदेश दिया जाएगा। इन कार्यक्रमों में रेलकर्मियों के साथ यात्रियों और आम लोगों को भी सहभागिता के लिए प्रेरित किया जाएगा।

तिरंगे के साथ सेल्फी का भी रहेगा उत्साह

हर घर तिरंगा अभियान के तहत अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर अपनी भागीदारी प्रदर्शित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसका उद्देश्य अभियान को जनभागीदारी से जोड़ना और अधिक से अधिक लोगों तक राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव का संदेश पहुंचाना है।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने सभी रेलकर्मियों और नागरिकों से हर घर तिरंगा अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने और तिरंगे को सम्मान, गरिमा एवं गर्व के साथ मनाने का आह्वान किया।