असम में बाढ़ का रेल संचालन पर बड़ा असर, कई ट्रेनों का मार्ग बदला, स्थानीय सेवाएं प्रभावित

मालीगांव। असम में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण डिखो (Dikhow) नदी उफान पर है, जिससे तिनसुकिया मंडल के अंतर्गत शिवसागर जिले के सिमालुगुरी क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। बाढ़ का पानी सिमालुगुरी रेलवे स्टेशन यार्ड, रेलवे कॉलोनी और रेलवे ट्रैक तक पहुंच गया है, जिससे रेल संचालन प्रभावित हुआ है।

यात्रियों और ट्रेनों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेलवे प्रशासन ने सिमालुगुरी?नामतियाली तथा सिमालुगुरी?सेलेंघाट रेलखंड पर ट्रेन संचालन अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है।

स्थिति को देखते हुए डिब्रूगढ़ और तिनसुकिया से चलने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन रंगिया?रंगापारा मार्ग से डायवर्ट किया गया है। वहीं कई स्थानीय ट्रेनों को रद्द तथा कुछ ट्रेनों को आंशिक रूप से समाप्त (शॉर्ट टर्मिनेट) किया गया है।

रेलवे ने प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक कर्मचारी और सामग्री भेज दी है तथा ट्रैक को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य शुरू कर दिया गया है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

फिलहाल जलस्तर अधिक होने के कारण रेलवे ट्रैक को हुए नुकसान का आकलन नहीं किया जा सकता। जलस्तर घटने के बाद ही क्षति का सही मूल्यांकन कर ट्रेनों का संचालन बहाल किया जाएगा।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की नवीनतम स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।