असम में बाढ़ से रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित, कई ट्रेनें रद्द, अनेक का मार्ग बदला; यात्रियों के लिए विशेष राहत व्यवस्था

मालीगांव। असम में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण डिखो नदी उफान पर है, जिससे पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के टिनसुकिया मंडल अंतर्गत शिवसागर जिले के शिमलगुड़ी (सिमालुगुड़ी) क्षेत्र में गंभीर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। स्टेशन यार्ड, रेलवे कॉलोनी तथा आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ का पानी भर गया है, जबकि कई स्थानों पर रेल पटरियों के ऊपर से भी पानी बह रहा है। सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेलवे प्रशासन ने शिमलगुड़ी-नामतिआली और शिमलगुड़ी-सेलेंगहाट रेलखंड पर ट्रेन संचालन अगली सूचना तक स्थगित कर दिया है।

रेल यातायात बाधित होने से पूर्वोत्तर भारत को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाली कई लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। रेलवे ने स्थिति को देखते हुए कई ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया है, कई ट्रेनों को बीच रास्ते में ही समाप्त किया गया है, जबकि अनेक स्थानीय यात्री ट्रेनों को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है।

इन ट्रेनों का मार्ग बदला गया

रेलवे ने नई दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस (12423), डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (20503), डिब्रूगढ़-कन्याकुमारी विवेक एक्सप्रेस (22504), डिब्रूगढ़?चंडीगढ़ एक्सप्रेस (15903), डिब्रूगढ़-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस (15945) तथा कन्याकुमारी-डिब्रूगढ़ विवेक एक्सप्रेस (22503) सहित कई प्रमुख ट्रेनों को डिब्रूगढ़-नॉर्थ लखीमपुर-रंगापाड़ा नॉर्थ-रंगिया-न्यू बोंगाईगांव मार्ग से चलाने का निर्णय लिया है।

कई ट्रेनें बीच रास्ते में ही समाप्त

बाढ़ की स्थिति के कारण कई ट्रेनों को अपने गंतव्य तक नहीं भेजा जा रहा है। इनमें डिब्रूगढ़-राजेंद्र नगर एक्सप्रेस, डिब्रूगढ़-गुवाहाटी नागालैंड एक्सप्रेस, हावड़ा-डिब्रूगढ़ कामरूप एक्सप्रेस, अमृतसर-न्यू टिनसुकिया एक्सप्रेस, नागर-डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस, नई दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस, गुवाहाटी-डिब्रूगढ़ नागालैंड एक्सप्रेस और लालगढ़-डिब्रूगढ़ अवध असम एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों जैसे नामतिआली, मरियानी, सेलेंगहाट, फुरकाटिंग, दीमापुर और लुमडिंग तक ही संचालित की जा रही हैं।

स्थानीय रेल सेवाएं भी रद्द

जलभराव के कारण कई स्थानीय और डेमू ट्रेन सेवाओं को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है। इनमें टिनसुकिया-लुमडिंग डेमू, लेडो-गुवाहाटी इंटरसिटी एक्सप्रेस, रंगिया-न्यू टिनसुकिया इंटरसिटी एक्सप्रेस, डिब्रूगढ़-सिमालुगुड़ी पैसेंजर तथा अन्य स्थानीय सेवाएं शामिल हैं।

यात्रियों के लिए राहत व्यवस्था

रेलवे प्रशासन ने प्रभावित यात्रियों की सहायता के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। सभी प्रमुख स्टेशनों पर हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। यात्रियों को भोजन के पैकेट, पेयजल और टिकट रिफंड की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा असम राज्य परिवहन निगम (एएसटीसी) की बसों और अन्य वाहनों की व्यवस्था कर यात्रियों को सिबसागर टाउन स्टेशन तक पहुंचाया जा रहा है।

डिब्रूगढ़ और न्यू टिनसुकिया के बीच यात्रियों की आवाजाही के लिए विशेष ट्रेन भी चलाई जा रही है। वहीं विवेक एक्सप्रेस, कामरूप एक्सप्रेस और अमृतसर?न्यू टिनसुकिया एक्सप्रेस के यात्रियों को सड़क मार्ग से उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें तथा रेलवे द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं का पालन करें। सुरक्षा कारणों से प्रभावित रेलखंड पर सामान्य रेल संचालन तभी बहाल किया जाएगा, जब जलस्तर कम होने के बाद पटरियों और अन्य रेल अवसंरचना का निरीक्षण पूरा हो जाएगा।