कांवड़ यात्रा को लेकर दमकल विभाग अलर्ट, नजीबाबाद में पंडालों से लेकर पेट्रोल पंप तक सुरक्षा जांच

कांवड़ यात्रा को लेकर दमकल विभाग अलर्ट, नजीबाबाद में पंडालों से लेकर पेट्रोल पंप तक सुरक्षा जांच

पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा के आदेश और सीएफओ डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

बिजनौर। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अग्निशमन विभाग लगातार मुस्तैदी के साथ सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा के आदेश तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन में प्रभारी फायर स्टेशन नजीबाबाद द्वारा कांवड़ ड्यूटी के तहत विभिन्न कांवड़ शिविरों, पुलिस पिकेट और पेट्रोल पंपों का अग्नि सुरक्षा की दृष्टि से निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित संचालकों एवं आयोजकों को आवश्यक सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया। विभाग की सक्रियता से कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भरोसा और मजबूत हुआ है।

फायर विभाग की टीम ने शाकंभरी ट्रेडर्स भंडारा, तायल पेट्रोल पंप कोतवाली रोड नजीबाबाद, बसीरपुर नहर चौराहा स्थित पुलिस पिकेट, देव फिलिंग स्टेशन जलालाबाद नजीबाबाद, विजोरी तिराहा स्थित यश त्यागी भंडारा, मोटा महादेव मंदिर परिसर स्थित भंडारा तथा अदानी ग्रुप ईवा हॉस्पिटल के सामने लगाए गए भंडारा पंडाल का निरीक्षण किया।

इनमें कुछ भंडारा स्थलों का आयोजन 8 अगस्त की शाम तक, जबकि अदानी ग्रुप ईवा हॉस्पिटल के सामने स्थित भंडारा 11 अगस्त तक संचालित होना है। इन सभी स्थानों पर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी संभावित अग्निकांड को रोकने और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए अग्निशमन विभाग की टीमें लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही हैं। विभाग की इस सक्रियता से कांवड़ियों के लिए सुरक्षित, व्यवस्थित और भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने में मदद मिल रही है।