धामपुर में कपड़ों के गोदाम में भीषण आग, चार फायर टेंडरों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू

बिजनौर। धामपुर कस्बे स्थित गुरु नानक गारमेंट्स के कपड़ों के गोदाम में रविवार देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग गोदाम की चौथी मंजिल पर रखे कपड़ों में तेजी से फैल गई, जिससे पूरे क्षेत्र में धुएं का गुबार छा गया।

सूचना मिलते ही प्रभारी अग्निशमन अधिकारी धामपुर दीपक कुमार के नेतृत्व में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन केंद्र नगीना और बिजनौर से भी अतिरिक्त फायर टेंडर बुलाए गए। कुल चार फायर टेंडरों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय भी मौके पर पहुंचे और पूरे अभियान का नेतृत्व किया। आग पर काबू पाने के लिए अग्निशमन विभाग कर्मियों ने दीवार तोड़कर अंदर तक पानी की बौछार की और लगातार पंपिंग करते हुए कड़ी मेहनत एवं साहस का परिचय दिया। लंबे प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

अग्निशमन विभाग की तत्परता के चलते आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि गोदाम में रखा कपड़ा आग की चपेट में आने से नुकसान हुआ है।

अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि समय रहते की गई कार्रवाई से आसपास के व्यापारिक प्रतिष्ठानों को सुरक्षित बचा लिया गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।