कांवड़ यात्रा में सुरक्षा फुल टाइट, डीएम जसजीत कौर के रहते आग भी सोच रही—कहां फंस गए!

कांवड़ यात्रा को लेकर अग्निशमन विभाग अलर्ट, धामपुर-बिजनौर में पंडालों और भीड़भाड़ वाले स्थलों की जांच

अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दमकल विभाग की मुस्तैदी, आयोजकों को दिए सुरक्षा के जरूरी निर्देश

बिजनौर। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए अग्निशमन विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। जिलाधिकारी जसजीत कौर के आदेश तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन में फायर स्टेशन धामपुर एवं बिजनौर क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के दौरान लगाए गए भंडारा पंडालों, कांवड़ियों के ठहरने वाले स्थानों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थलों का अग्नि सुरक्षा की दृष्टि से व्यापक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अग्निशमन अधिकारियों और कर्मचारियों ने पंडालों में आग से बचाव के इंतजामों, आने-जाने के रास्तों, विद्युत व्यवस्था, रसोई एवं भंडारा स्थलों सहित अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आयोजकों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक अग्निशमन उपकरण उपलब्ध रखने तथा सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए गए।

धामपुर क्षेत्र में इन स्थानों का हुआ निरीक्षण

फायर स्टेशन धामपुर क्षेत्र के अंतर्गत मुन्नी देवी मंदिर स्योहारा रोड धामपुर, नाहटौर फिलिंग स्टेशन, रघुनाथ प्रसाद कांता प्रसाद फिलिंग स्टेशन नहटौर, जिओ फिलिंग स्टेशन के निकट कांवड़ भंडारा पंडाल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नहटौर के निकट भंडारा पंडाल, सीकरी बुजुर्ग नहटौर कोतवाली रोड स्थित भंडारा पंडाल तथा बलराम कुंवर सरस्वती विद्या मंदिर चांदपुर रोड नहटौर स्थित कांवड़ भंडारा पंडाल का निरीक्षण किया गया।

बिजनौर क्षेत्र में भी सुरक्षा व्यवस्था परखी

फायर स्टेशन बिजनौर क्षेत्र के अंतर्गत गांव गावड़ी फैक्ट्री पैजनिया चांदपुर रोड तथा गांव भवानीपुर क्लेशर पैजनिया नहटौर रोड स्थित कांवड़ भंडारा पंडालों का भी अग्नि सुरक्षा के दृष्टिकोण से निरीक्षण किया गया।

अग्निशमन विभाग की इस सक्रियता से कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। विभाग द्वारा लगातार निगरानी और निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कांवड़ियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध हो और किसी भी संभावित अग्निकांड की स्थिति को समय रहते रोका जा सके।