पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की डिजिटल पहल, गुवाहाटी स्टेशन पर शुरू हुआ ‘GoLukBuk’ स्मार्ट ट्रैवल कियोस्क

गुवाहाटी। यात्रियों को आधुनिक और डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने बड़ी पहल करते हुए गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर ?GoLukBuk? डिजिटल यात्रा सहायता कियोस्क की शुरुआत की है। यह एनएफआर का अपनी तरह का पहला डिजिटल ट्रैवल असिस्टेंस नेटवर्क है, जिसे न्यू इनोवेटिव नॉन-फेयर रेवेन्यू आइडियाज़ स्कीम (NINFRIS) के तहत विकसित किया गया है।

इस डिजिटल कियोस्क का उद्घाटन 3 अगस्त 2026 को पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक नीरज सहाय तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में किया।

रेलवे के अनुसार, GoLukBuk एक ऐसा एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां यात्री एक ही स्थान पर होटल बुकिंग, कैब और कार रेंटल, खान-पान की डिलीवरी, स्लीपिंग पॉड, मीटिंग पॉड बुकिंग और अन्य यात्रा संबंधी सेवाओं का लाभ आसानी से उठा सकेंगे। इससे यात्रियों को अलग-अलग ऐप या वेबसाइट का सहारा नहीं लेना पड़ेगा और पूरी बुकिंग प्रक्रिया अधिक सरल, तेज और सुविधाजनक बनेगी।

यात्रियों की सुविधा को और बढ़ाने के लिए गुवाहाटी स्टेशन पर रणनीतिक स्थानों पर कई डिजिटल कियोस्क लगाए गए हैं। इसके अलावा कामाख्या रेलवे स्टेशन पर भी जल्द ऐसे कियोस्क स्थापित किए जाएंगे।

इन कियोस्क में हाई-रिजॉल्यूशन डिजिटल डिस्प्ले और एलईडी होलोग्राम फैन तकनीक का उपयोग किया गया है, जिससे यह आधुनिक डिजिटल विज्ञापन मंच के रूप में भी कार्य करेगा। रेलवे का कहना है कि भविष्य में इसमें क्विक कॉमर्स जैसी नई डिजिटल सेवाओं को भी जोड़ा जाएगा।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के अनुसार, यह परियोजना न केवल यात्रियों को बेहतर डिजिटल अनुभव देगी, बल्कि रेलवे के गैर-किराया राजस्व (Non-Fare Revenue) को बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यह पहल रेलवे स्टेशनों पर तकनीक आधारित आधुनिक सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।