पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की मेजबानी में 72वीं ऑल इंडिया इंटर रेलवे टेबल टेनिस चैंपियनशिप का आगाज

गुवाहाटी। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) की मेजबानी में 72वीं अखिल भारतीय इंटर रेलवे टेबल टेनिस चैंपियनशिप (पुरुष एवं महिला) 2026-27 का सोमवार को भव्य शुभारंभ हुआ। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 3 से 7 अगस्त तक मालीगांव स्थित एनएफआरएसए इंडोर स्टेडियम में आयोजित की जा रही है।

इस राष्ट्रीय स्तर की चैंपियनशिप में भारतीय रेलवे के विभिन्न जोनल रेलवे और उत्पादन इकाइयों के 65 पुरुष और 31 महिला खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के साथ रेलवे बोर्ड द्वारा नियुक्त 17 रेफरी, दो चयनकर्ता और एक पर्यवेक्षक भी मौजूद हैं, जो पूरे आयोजन का संचालन और निगरानी करेंगे।

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के अपर महाप्रबंधक रमेश कुमार रहे। कार्यक्रम की शुरुआत सभी भाग लेने वाली टीमों के परिचय से हुई। इसके बाद ध्वजारोहण, स्वागत भाषण, रेलवे बोर्ड के अधिकारियों का परिचय, मुख्य अतिथि का संबोधन, सम्मान समारोह और प्रतियोगिता के औपचारिक उद्घाटन के साथ आयोजन का शुभारंभ हुआ।

पांच दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में रोमांचक मुकाबले होंगे। देशभर के रेलवे खिलाड़ी खिताब जीतने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे। यह प्रतियोगिता भारतीय रेलवे की मजबूत खेल संस्कृति और खेल उत्कृष्टता के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने कहा कि वह खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप की मेजबानी रेलवे कर्मचारियों के बीच खेल भावना, आपसी सौहार्द और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।