एनएफआर की आरपीएफ का दमदार एक्शन: दो दिन में 15 सफल अभियान, यात्रियों की जान बचाई, 11 लोगों का रेस्क्यू, छह अपराधी गिरफ्तार

गुवाहाटी। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की रेलवे सुरक्षा बल ने 28 और 29 जुलाई 2026 को अपने पूरे क्षेत्राधिकार में लगातार सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए 15 महत्वपूर्ण अभियान सफलतापूर्वक चलाए। इन अभियानों में यात्रियों की जान बचाने, अपराधियों की गिरफ्तारी, नाबालिगों के रेस्क्यू, प्रतिबंधित वस्तुओं की बरामदगी और रेलवे संपत्ति की सुरक्षा जैसे कई उल्लेखनीय कार्य शामिल रहे।

आरपीएफ जवानों ने पूर्णिया रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 15701 में यात्रा कर रही एक बुजुर्ग महिला की तबीयत बिगड़ने पर तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई। वहीं, गंगारामपुर स्टेशन पर ट्रेन संख्या 15743 से सफर कर रहे एक बीमार यात्री को भी समय रहते अस्पताल में भर्ती कराकर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई।

अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए गए अभियान में रंगिया रेलवे स्टेशन से करीब 44 हजार रुपये मूल्य की 200 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद की गई। वहीं बारसोई, न्यू जलपाईगुड़ी और किशनगंज स्टेशनों पर कार्रवाई करते हुए करीब 28 हजार रुपये मूल्य की 119 बोतल अवैध शराब भी जब्त की गई। सभी बरामद सामग्री को आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को सौंप दिया गया।

रेल अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरपीएफ ने छह अपराधियों को गिरफ्तार किया, जिनमें पांच चोरी के मामलों में शामिल आरोपी और एक रेल टिकट दलाल शामिल है। इनके कब्जे से करीब 72 हजार रुपये मूल्य के पांच चोरी के मोबाइल फोन, एक भावी तत्काल टिकट तथा दो पुराने रेल टिकट बरामद किए गए।

मानवीय सेवा के तहत आरपीएफ ने 10 नाबालिगों (7 लड़के और 3 लड़कियां) तथा एक असुरक्षित महिला सहित कुल 11 लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू किया। सभी बच्चों को उनके अभिभावकों अथवा बाल कल्याण समिति को सुरक्षित सौंप दिया गया, जबकि न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन से रेस्क्यू की गई महिला को उसके भाई से मिलाया गया।

रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के लिए कटिहार रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और इंजीनियरिंग विभाग ने संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर रेलवे भूमि पर किए गए अवैध निर्माणों को हटाया।

इन दो दिनों के दौरान आरपीएफ ने एक यात्री की जान बचाई, एक अन्य यात्री को समय पर चिकित्सा सहायता दिलाई, छह अपराधियों को गिरफ्तार किया, 11 लोगों का रेस्क्यू किया, अतिक्रमण हटाया तथा करीब 1.50 लाख रुपये मूल्य की प्रतिबंधित सामग्री, चोरी के मोबाइल फोन और रेलवे टिकट बरामद किए।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने कहा कि आरपीएफ का यह अभियान यात्रियों की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और मानवीय सेवा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। रेलवे सुरक्षा बल आगे भी सक्रिय निगरानी, प्रभावी कार्रवाई और जनसेवा के माध्यम से यात्रियों को सुरक्षित एवं भरोसेमंद यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।