18.18 करोड़ रुपये से बदलेगी रेन रेलवे स्टेशन की तस्वीर, 80 प्रतिशत पुनर्विकास कार्य पूरा

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के रेन रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत तेजी से कायाकल्प किया जा रहा है। करीब 18.18 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे पुनर्विकास कार्य का 80 प्रतिशत हिस्सा पूरा हो चुका है। परियोजना पूरी होने के बाद यात्रियों, विशेषकर बुटाटी धाम आने वाले श्रद्धालुओं को आधुनिक और बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि रेन रेलवे स्टेशन को आधुनिक, आकर्षक और यात्री-अनुकूल स्वरूप दिया जा रहा है। इसके तहत स्टेशन भवन का नवीनीकरण, नया पोर्च, विस्तारित सर्कुलेटिंग एरिया, अलग प्रवेश एवं निकास द्वार, दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग तथा 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का निर्माण किया जा रहा है।

इसके अलावा प्लेटफॉर्म पर शेड का विस्तार, फर्श का नवीनीकरण, नए प्रतीक्षालय, आधुनिक शौचालय, रैंप, कवरिंग शेड और दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं। स्टेशन पर हेल्प बूथ, सुलभ शौचालय, वाटर बूथ, विशेष टिकट विंडो, साइनेज और बैठने की बेहतर व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जाएगी।

डीआरएम ने बताया कि परियोजना के तहत स्टेशन भवन, पोर्च, प्लेटफॉर्म फर्श और सर्कुलेटिंग एरिया में सीसी सड़क निर्माण जैसे प्रमुख कार्य पूरे हो चुके हैं। वहीं 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज सहित शेष कार्य तेजी से प्रगति पर हैं और उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूरा कर लिया जाएगा।

रेलवे के अनुसार रेन रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देगा, बल्कि बुटाटी धाम आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा को अधिक सुगम बनाएगा। साथ ही इससे स्थानीय व्यापार, पर्यटन और क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।