ब्रजघाट से बेरनी शिव मंदिर तक निकली भव्य शिवभक्ति जलाभिषेक यात्रा, 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गूंजा पूरा मार्ग

बिलारी। श्रावण मास के पावन अवसर पर बिलारी क्षेत्र में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। जिज्ञासा हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. सी. पी. सिंह के नेतृत्व में ब्रजघाट से बेरनी शिव मंदिर तक भव्य शिवभक्ति जलाभिषेक यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों शिवभक्तों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लिया।

यात्रा का शुभारंभ ब्रजघाट से वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ हुआ। इसके बाद शिवभक्तों का विशाल काफिला गजरौला, जोया, मुरादाबाद बाईपास, कुन्दरकी बाईपास, बिलारी अंबेडकर पार्क, गांधी मूर्ति, बिलारी कार्यालय, सहसपुर चौराहा, चौधरपुर, स्योंडारा और विवेटा चौराहा होते हुए बेरनी शिव मंदिर पहुंचा। यहां भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का गंगाजल से जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और लोककल्याण की कामना की।

पूरे यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा, जलपान और भव्य स्वागत किया गया। "हर-हर महादेव" और "बम-बम भोले" के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो उठा और श्रद्धा का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।

इस अवसर पर डॉ. सी. पी. सिंह ने कहा कि श्रावण मास में भगवान शिव का जलाभिषेक भारतीय संस्कृति, आस्था और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में भाईचारा, सामाजिक समरसता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने यात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शिवभक्तों, प्रशासन, पुलिस प्रशासन और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया।

भव्य शिवभक्ति जलाभिषेक यात्रा ने न केवल धार्मिक आस्था को सशक्त किया, बल्कि सामाजिक एकता, सेवा और सद्भाव का भी प्रेरणादायक संदेश दिया। श्रावण मास में आयोजित यह आयोजन क्षेत्रवासियों के लिए श्रद्धा, भक्ति और सामूहिक सहभागिता का यादगार उत्सव बन गया। हर-हर महादेव!