बाइक चोर गिरौह के तीन सदस्य गिरफ्तार 6 मोटरसाइकिल बरामद कटघर पुलिस को मिली बड़ी सफलता

मुरादाबाद के कटघर थाना पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी कटघर के नेतृत्व में उपनिरीक्षक ललित कुमार ने पुलिस टीम के साथ रफातपुर रोड स्थित अंबेडकर पार्क के पास चेकिंग अभियान चलाया।इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अमित उर्फ मोनू यादव निवासी हरियावाला,थाना कुंडा (ऊधम सिंह नगर,उत्तराखंड), विक्रांत उर्फ अवनीश निवासी हरियावाला,थाना कुंडा (ऊधम सिंह नगर) और यामीन उर्फ छोटे निवासी बरवाला मझरा, थाना कटघर शामिल हैं।

पुलिस ने मौके से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर रफातपुर अंडरपास के पास एक खंडहरनुमा कमरे से तीन अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद कर ली गईं।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मुरादाबाद और आसपास के इलाकों से मोटरसाइकिलें चोरी करते थे। पकड़े जाने से बचने के लिए वे नंबर प्लेट हटा देते थे और कई बार चेसिस नंबर भी मिटा देते थे। इसके बाद वे चोरी की गाड़ियों को कम कीमत पर बेचकर आपस में रुपये बांट लेते थे।पुलिस के अनुसार,बरामद मोटरसाइकिलों में कटघर, ठाकुरद्वारा,भोजपुर और मझौला थाना क्षेत्रों से चोरी की गई गाड़ियां शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ थाना कटघर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।