सावन के प्रथम सोमवार पर मुरादाबाद अग्निशमन विभाग हाई अलर्ट, सीएफओ डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने संभाली सुरक्षा की कमान

मुरादाबाद। सावन माह के प्रथम सोमवार और कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए मुरादाबाद अग्निशमन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में जिलेभर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए सभी ड्यूटी प्वाइंटों का गहन निरीक्षण किया गया।

सीएफओ डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने स्वयं कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर विभिन्न कांवड़ शिविरों, पुलिस बूथों एवं प्रमुख स्थलों पर अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अग्निशमन विभाग की टीम ने शिविर संचालकों, पुलिस कर्मियों एवं स्वयंसेवकों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए आग लगने की स्थिति में तत्काल बचाव एवं नियंत्रण के व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिए।

सावन के प्रथम सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिले के सभी महत्वपूर्ण स्थलों, कांवड़ मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में अग्निशमन विभाग की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को 24 घंटे सतर्क रहकर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत और प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

सीएफओ डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अग्निशमन विभाग पूरी मुस्तैदी, समर्पण और सेवा भावना के साथ कार्य कर रहा है तथा ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुरादाबाद अग्निशमन विभाग की सक्रिय कार्यशैली, सतर्क निगरानी और जन-जागरूकता अभियान कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। विभाग की तत्परता श्रद्धालुओं में सुरक्षा और विश्वास का संदेश दे रही है।