सावन के पहले सोमवार पर अग्निशमन विभाग अलर्ट, सीएफओ डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने किया कांवड़ ड्यूटी का निरीक्षण

मुरादाबाद। सावन माह के पहले सोमवार को कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अग्निशमन विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने सोमवार प्रातः जनपद में कांवड़ यात्रा मार्गों पर तैनात अग्निशमन कर्मियों एवं अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सीएफओ ने विभिन्न कांवड़ शिविरों, पुलिस सहायता केंद्रों तथा प्रमुख ड्यूटी प्वाइंटों का जायजा लेकर अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता की जांच की। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रहने तथा त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने कहा कि सावन के पहले सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए अग्निशमन विभाग द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है। कांवड़ यात्रा मार्ग पर अग्नि सुरक्षा के सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं तथा विभाग की टीमें लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।

अग्निशमन विभाग की इस सक्रियता से कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को और अधिक मजबूती मिली है। प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालु सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सकें।