वेलंकन्नी श्रद्धालुओं के लिए रेलवे की विशेष सौगात, मुंबई–वेलंकन्नी के बीच चलेंगी 4 स्पेशल ट्रेनें

मुंबई। वेलंकन्नी त्यौहार के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मध्य रेल ने लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी), मुंबई और वेलंकन्नी के बीच 4 विशेष ट्रेन सेवाएं संचालित करने का निर्णय लिया है। इस पहल से महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के हजारों श्रद्धालुओं को आरामदायक एवं सुगम यात्रा का लाभ मिलेगा।

ट्रेन संख्या 01161 एलटीटी?वेलंकन्नी स्पेशल 26 अगस्त एवं 7 सितंबर 2026 को एलटीटी, मुंबई से सुबह 11:50 बजे प्रस्थान कर तीसरे दिन 02:00 बजे वेलंकन्नी पहुंचेगी।

वहीं ट्रेन संख्या 01162 वेलंकन्नी?एलटीटी स्पेशल 28 अगस्त एवं 9 सितंबर 2026 को वेलंकन्नी से सुबह 05:15 बजे रवाना होकर अगले दिन 16:40 बजे एलटीटी, मुंबई पहुंचेगी।

यह विशेष ट्रेन ठाणे, कल्याण, लोनावला, पुणे, दौंड, सोलापुर, कलबुरगी, वाडी, यादगीर, रायचूर, मंत्रालयम रोड, आदोनी, गुंटकल, गूटी, तडीपत्री, येर्रागुंटला, कडपा, राजमपेट, रेनीगुंटा, कटपाडी, तिरुवन्नामलाई, विलुप्पुरम, मयिलादुतुरई और नागपट्टिनम सहित अनेक महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहरेगी।

यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में एसी द्वितीय श्रेणी, एसी तृतीय श्रेणी, शयनयान, सामान्य द्वितीय श्रेणी तथा गार्ड ब्रेक वैन सहित पर्याप्त कोच लगाए जाएंगे।

विशेष ट्रेन संख्या 01161 के लिए आरक्षण 3 अगस्त 2026 से सभी पीआरएस केंद्रों तथा आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर शुरू होगा। सामान्य श्रेणी के अनारक्षित डिब्बों के टिकट यूटीएस प्रणाली के माध्यम से उपलब्ध रहेंगे। यात्री रेलवन (RailOne) ऐप के जरिए भी टिकट बुक कर सकेंगे।

मध्य रेल की यह पहल वेलंकन्नी महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और सुगम रेल यात्रा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।