पर्यावरण संरक्षण की पहल: मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन ने लगाया पौधारोपण अभियान

मुंबई। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को मजबूत करते हुए मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन (सीआरडब्ल्यूडब्ल्यूओ) ने शुक्रवार को मुंबई के निर्मल पार्क, भायखला में पौधारोपण अभियान आयोजित किया। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ शहर को अधिक हरित और स्वच्छ बनाना रहा।

इस अवसर पर सीआरडब्ल्यूडब्ल्यूओ की अध्यक्ष स्निग्धा श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ उपाध्यक्ष प्रेरणा गोस्वामी, सचिव सरिता दोहरे, कोषाध्यक्ष टीना उप्पल तथा संगठन की अन्य कार्यकारिणी सदस्याओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई और स्वयं पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

अभियान के दौरान अशोक सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। संगठन की ओर से कहा गया कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि भविष्य में भी समाज और प्रकृति के हित में ऐसे जन-जागरूकता एवं हरित अभियान लगातार आयोजित किए जाएंगे। इस पहल को उपस्थित लोगों ने सराहा और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।