थाणे स्टेशन पर गंदगी की शिकायत पर रेलवे का बड़ा एक्शन, मल्टी पर्पज स्टॉल 7 दिन के लिए सील

मुंबई। यात्रियों को स्वच्छ और सुरक्षित खानपान उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता को कायम रखते हुए मध्य रेलवे ने थाणे स्टेशन पर स्वच्छता नियमों के उल्लंघन के मामले में त्वरित कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर मिली शिकायत के बाद रेलवे ने तत्काल जांच कराई और शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ सख्त कदम उठाए।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, थाणे स्टेशन के प्रतीक्षालय में संचालित मल्टी पर्पज स्टॉल में अस्वच्छ परिस्थितियां पाए जाने पर स्टॉल को 7 दिनों के लिए सील कर दिया गया। साथ ही स्वच्छता एवं साफ-सफाई के मानकों का उल्लंघन करने पर ठेकेदार पर 15 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।

मध्य रेलवे ने स्पष्ट किया है कि खानपान और वाणिज्यिक इकाइयों में गंदगी या लापरवाही के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए सभी स्टेशनों पर नियमित निरीक्षण किए जा रहे हैं तथा खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यदि उन्हें स्वच्छता, खानपान या यात्री सुविधाओं से संबंधित कोई शिकायत हो तो वे रेल मदद (RailMadad) के माध्यम से तुरंत जानकारी दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।

मध्य रेलवे ने दोहराया कि यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।