पूर्वोत्तर रेलवे की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट की बैठक, माल ढुलाई बढ़ाने और व्यापार को नई गति देने पर जोर

गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में आयोजित बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट (बीडीयू) की बैठक में माल परिवहन को बढ़ावा देने, व्यापारिक गतिविधियों का विस्तार करने तथा रेलवे की माल ढुलाई सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर व्यापक मंथन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मुख्य मालभाड़ा परिवहन प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी ने की।

बैठक में मुख्यालय गोरखपुर एवं इज्जतनगर मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ व्यापारियों ने भी भाग लिया। इस दौरान रेलवे के माध्यम से माल लदान बढ़ाने, व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा नई व्यावसायिक संभावनाओं को विकसित करने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में स्टेशन-टू-स्टेशन माल परिवहन, गति शक्ति कार्गो टर्मिनल, नई गति शक्ति नीतियों और ऑटोमोबाइल लोडिंग- अनलोडिंग में 25 प्रतिशत तक वृद्धि की रणनीति पर विचार किया गया। साथ ही फर्रुखाबाद टर्मिनल से आलू की लोडिंग बढ़ाने, अंतिम चरण (लास्ट माइल) की कनेक्टिविटी मजबूत करने और एफसीआई व एसडब्ल्यूसी के रेलहेड डिपो विकसित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।

बैठक में रेक उपलब्धता को और बेहतर बनाने के लिए मंडल एवं मुख्यालय नियंत्रकों के बीच नियमित समन्वय सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा इज्जतनगर मंडल के विभिन्न टर्मिनलों पर लोडिंग-अनलोडिंग के दौरान होने वाली देरी के कारणों की समीक्षा कर उनके समाधान पर भी मंथन किया गया।

व्यापारियों और श्रमिकों को माल गोदामों पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, आधारभूत ढांचे को मजबूत करने तथा रेलवे के जरिए अधिक से अधिक माल परिवहन आकर्षित करने के लिए भी कई महत्वपूर्ण सुझाव सामने आए।

रेल अधिकारियों ने विश्वास जताया कि बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के निरंतर प्रयासों से पूर्वोत्तर रेलवे में माल लदान में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, व्यापारियों को तेज, सुरक्षित और किफायती परिवहन सुविधा मिलेगी तथा रेलवे के राजस्व में भी लगातार बढ़ोतरी होगी।