गुरु पूर्णिमा/मुड़िया मेला 2026: यात्रियों की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर रेलवे चलाएगा विशेष ट्रेन, सवारी गाड़ी का गंगापुर सिटी तक होगा विस्तार

गोरखपुर। गुरु पूर्णिमा एवं मुड़िया मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए 26 से 29 जुलाई, 2026 तक विशेष रेल सेवाएं संचालित करने का निर्णय लिया है।

रेल प्रशासन के अनुसार, 05307/05308 कासगंज मथुरा जंक्शन कासगंज मेला अनारक्षित विशेष ट्रेन का संचालन चार फेरों के लिए किया जाएगा। यह विशेष ट्रेन कासगंज, सिकंदरा राव, हाथरस सिटी, मथुरा कैंट होते हुए मथुरा जंक्शन तक चलेगी। वापसी में भी यही मार्ग अपनाया जाएगा।

इस विशेष ट्रेन में 14 अनारक्षित कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 12 सामान्य द्वितीय/शयनयान श्रेणी तथा 2 एसएलआर कोच शामिल होंगे, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को यात्रा सुविधा मिल सके।

इसके अलावा, यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए 55335/55336 कासगंज मथुरा जंक्शन कासगंज सवारी गाड़ी का 26 से 29 जुलाई तक अस्थायी रूप से गंगापुर सिटी तक मार्ग विस्तार किया गया है। विस्तारित सेवा के दौरान यह ट्रेन मथुरा, भरतपुर, बयाना, हिण्डौन सिटी और श्री महावीर जी होते हुए गंगापुर सिटी तक जाएगी तथा वापसी में भी इसी मार्ग से संचालित होगी।

पूर्वोत्तर रेलवे ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के समय और अन्य आवश्यक जानकारी की पुष्टि कर लें तथा सुरक्षित एवं सुगम यात्रा के लिए रेलवे के निर्देशों का पालन करें।