आरआरसी इलाहाबाद की शारीरिक दक्षता परीक्षा में 124 महिला अभ्यर्थियों ने लिया हिस्सा, 74 रहीं सफल

प्रयागराज। रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (आरआरसी), इलाहाबाद द्वारा विभिन्न पदों पर भर्ती प्रक्रिया के तहत लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) का आयोजन 25 जुलाई से प्रयागराज के डीएसए ग्राउंड में किया जा रहा है। भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के लिए परीक्षा की प्रत्येक गतिविधि की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है।

रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा में 225 महिला अभ्यर्थियों सहित कुल 3,736 अभ्यर्थी सफल हुए थे। मंगलवार को आयोजित पीईटी में 124 महिला अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 74 अभ्यर्थी निर्धारित मानकों को पूरा करते हुए सफल रहीं।

महिला अभ्यर्थियों को परीक्षा में 5 मिनट 15 सेकंड के भीतर 1000 मीटर की दौड़ पूरी करनी होती है। इसके अलावा 20 किलोग्राम वजन उठाकर 100 मीटर की दूरी 2 मिनट के भीतर तय करना भी अनिवार्य है। अगले चरण के लिए पात्र होने के लिए दोनों मानकों में सफल होना आवश्यक है।

रेल प्रशासन के अनुसार, परीक्षा शुरू होने से पहले अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन, बायोमेट्रिक पहचान, आधार प्रमाणीकरण और आरएफआईडी पंजीकरण किया जाता है। इसके बाद उन्हें दौड़, समय सीमा और वजन उठाने से संबंधित सभी नियमों की जानकारी दी जाती है।

यह शारीरिक दक्षता परीक्षा मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल, अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी वैभव कुमार गुप्ता तथा सहायक कार्मिक अधिकारी रुपेश कुमार सुमन के प्रत्यक्ष मार्गदर्शन में आयोजित की जा रही है। परीक्षा स्थल पर सुरक्षा, अनुशासन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों की पर्याप्त तैनाती की गई है।

अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा स्थल पर पेयजल, पंखे, कूलर, टेंट और स्वच्छ शौचालयों की व्यवस्था की गई है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और एंबुलेंस भी उपलब्ध कराई गई है। रेलवे प्रशासन ने कहा कि पूरी भर्ती प्रक्रिया का उद्देश्य योग्य अभ्यर्थियों का निष्पक्ष और पारदर्शी चयन सुनिश्चित करना है।