बिरोही–गैपुरा तीसरी रेल लाइन का रेल संरक्षा आयुक्त ने किया निरीक्षण, परिचालन शुरू होने की दिशा में बड़ा कदम

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में बिरोही?गैपुरा रेलखंड के बीच नवनिर्मित तीसरी रेल लाइन का शुक्रवार को रेल संरक्षा आयुक्त (पूर्वोत्तर परिमंडल) प्रणजीव सक्सेना ने विस्तृत संरक्षा निरीक्षण किया। यह निरीक्षण नई लाइन पर यात्री और मालगाड़ियों के संचालन से पहले सुरक्षा मानकों की अंतिम जांच के लिए किया गया।

निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त ने मोटर ट्रॉली से पूरी तीसरी रेल लाइन का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद गैपुरा स्टेशन की इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली का परीक्षण किया गया तथा गैपुरा से बिरोही के बीच डीजल लोकोमोटिव के माध्यम से स्पीड ट्रायल भी किया गया, जिससे ट्रैक की गुणवत्ता और सुरक्षित परिचालन क्षमता का आकलन किया जा सके।

इस दौरान नई रेल लाइन पर बिछाई गई पटरियों, पॉइंट एवं क्रॉसिंग, पुल-पुलियाओं, सिग्नलिंग व्यवस्था, दूरसंचार प्रणाली तथा ओवरहेड विद्युत उपकरण (ओएचई) की भी गहन जांच की गई। रेल संरक्षा आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों से तकनीकी जानकारी ली और सुरक्षा से जुड़े अभिलेखों एवं परीक्षण रिपोर्टों का भी अवलोकन किया।

निरीक्षण के समय उत्तर मध्य रेलवे के वरिष्ठ उप महाप्रबंधक विनीत कुमार श्रीवास्तव, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) अजीत सिंह यादव, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) मो. मुबश्शिर वारिस सहित मुख्यालय और प्रयागराज मंडल के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, रेल संरक्षा आयुक्त की स्वीकृति मिलने के बाद इस तीसरी रेल लाइन पर ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जाएगा। परियोजना के शुरू होने से इस व्यस्त रेलखंड की लाइन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे यात्री और मालगाड़ियों का संचालन अधिक सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध हो सकेगा। साथ ही भविष्य में बढ़ते रेल यातायात के बेहतर प्रबंधन में भी महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।