ट्रेनों में चोरी करने वाले अंतरराज्यीय सांसी गैंग के चार सदस्य गिरफ्तार, ₹2.50 लाख की चोरी की संपत्ति बरामद

प्रयागराज। यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेनों में होने वाली चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय सांसी गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त अभियान में आरोपियों के कब्जे से करीब ₹2.50 लाख मूल्य की चोरी की संपत्ति भी बरामद की गई है।

आरपीएफ मिर्जापुर, राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) मिर्जापुर और सीआईबी आरपीएफ प्रयागराज की संयुक्त टीम ने 27 जुलाई 2026 को सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गाड़ी संख्या 13202 लोकमान्य तिलक टर्मिनस?राजगीर एक्सप्रेस के बी-2 कोच से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेंद्र राजपूत, जॉनी, मुकेश कुमार और सुरेंद्र के रूप में हुई है, जो सभी रोहतक (हरियाणा) के निवासी हैं।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से चोरी के पांच मोबाइल फोन, पीली धातु की दो अंगूठियां, सफेद धातु की तीन पायल और ₹4,900 नकद बरामद किए गए। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹2.50 लाख बताई गई है।

जांच में सामने आया कि यह गिरोह ट्रेनों में यात्रियों के ट्रॉली बैग को विशेष सूजे की मदद से बिना बाहरी नुकसान पहुंचाए खोलता था और उसमें रखे मोबाइल फोन, आभूषण व अन्य कीमती सामान चोरी कर दोबारा बैग बंद कर देता था। इस वजह से यात्रियों को चोरी की जानकारी काफी देर बाद होती थी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार चारों आरोपियों के खिलाफ जीआरपी चारबाग, मानिकपुर, मिर्जापुर, प्रयागराज और फतेहपुर सहित विभिन्न थानों में चोरी और अन्य आपराधिक मामलों के 28 मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

गिरफ्तार आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी मिर्जापुर के सुपुर्द कर दिया गया है। साथ ही बरामद संपत्ति के संबंध में संबंधित थानों को सूचना देकर अन्य चोरी की घटनाओं के खुलासे और अतिरिक्त बरामदगी के लिए भी कार्रवाई की जा रही है।

उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और ट्रेनों में सक्रिय चोरी के गिरोहों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए आरपीएफ का विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।