अहमदाबाद–ओखा वंदे भारत एक्सप्रेस में बड़ा बदलाव, अब साबरमती (जेल साइड) से चलेगी ट्रेन; आम्बली रोड पर मिलेगा पहला ठहराव

अहमदाबाद। यात्रियों की सुविधा और बेहतर रेल कनेक्टिविटी को ध्यान में रखते हुए रेल मंत्रालय ने अहमदाबाद ओखा वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन में महत्वपूर्ण बदलाव करने का निर्णय लिया है। 17 अगस्त 2026 से गाड़ी संख्या 22925/22926 साबरमती (जेल साइड) ओखा साबरमती वंदे भारत एक्सप्रेस के रूप में संचालित होगी। इसके साथ ही पहली बार आम्बली रोड रेलवे स्टेशन पर इस ट्रेन का ठहराव भी दिया जाएगा।

नई व्यवस्था के तहत वंदे भारत एक्सप्रेस का प्रारंभ और समापन स्टेशन अहमदाबाद के स्थान पर साबरमती (जेल साइड) स्टेशन (SBT) होगा। रेलवे का मानना है कि इससे अहमदाबाद के पश्चिमी क्षेत्र के यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और तेज रेल सेवा उपलब्ध होगी।

संशोधित समय-सारणी

17 अगस्त 2026 से गाड़ी संख्या 22925 साबरमती ओखा वंदे भारत एक्सप्रेस मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन सुबह 6:15 बजे साबरमती से रवाना होगी। यह आम्बली रोड स्टेशन पर 6:23 बजे पहुंचेगी और 6:25 बजे प्रस्थान कर दोपहर 1:20 बजे ओखा पहुंचेगी।

वहीं, गाड़ी संख्या 22926 ओखा साबरमती वंदे भारत एक्सप्रेस ओखा से शाम 4:45 बजे रवाना होकर रात्रि 10:40 बजे आम्बली रोड पहुंचेगी, जहां से 10:42 बजे प्रस्थान कर रात्रि 11:10 बजे साबरमती पहुंचेगी।

आम्बली रोड को पहली बार मिलेगा वंदे भारत का ठहराव

रेलवे के इस फैसले से आम्बली रोड रेलवे स्टेशन को पहली बार वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव मिलेगा। इससे एस.जी. हाईवे, बोडकदेव, प्रह्लादनगर, साउथ बोपल, शेला और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को आधुनिक, तेज और सुविधाजनक रेल सेवा का लाभ मिलेगा तथा अहमदाबाद मुख्य स्टेशन तक जाने की आवश्यकता भी कम होगी।

बुकिंग की जानकारी

रेलवे के अनुसार, वर्तमान समय-सारणी के तहत 22925 अहमदाबाद ओखा वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन 15 अगस्त 2026 तक और 22926 ओखा अहमदाबाद वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन 16 अगस्त 2026 तक पूर्ववत जारी रहेगा। इसके बाद 17 अगस्त 2026 से नई समय-सारणी और नई संचालन व्यवस्था लागू हो जाएगी।