मूसलाधार बारिश के बीच अहमदाबाद डीआरएम 13 घंटे तक रहे फील्ड में, संवेदनशील रेलखंड का रातभर किया निरीक्षण

अहमदाबाद। गुजरात में लगातार हो रही मूसलाधार वर्षा के बीच पश्चिम रेलवे का अहमदाबाद मंडल यात्री सुरक्षा और सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने 24 जुलाई की दोपहर 3 बजे से 25 जुलाई की सुबह 4 बजे तक लगभग 13 घंटे लगातार आम्बलियासन विजापुर आदरज मोटी?गांधीनगर रेलखंड का व्यापक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ रेलवे ट्रैक, पुल-पुलियों, जल निकासी व्यवस्था, 100 से अधिक रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी), रोड ओवर ब्रिज (आरओबी), अंडरपास और रेलवे स्टेशनों का गहन जायजा लिया। लगातार हो रही बारिश के बीच उन्होंने देर रात गांधीनगर स्थित एक आरयूबी का भी निरीक्षण किया और जलभराव, ड्रेनेज व्यवस्था तथा स्थानीय यातायात पर पड़ रहे प्रभाव का आकलन किया।

डीआरएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी संवेदनशील स्थानों पर जल निकासी के लिए पंपिंग व्यवस्था और राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी रखे जाएं, ताकि सड़क यातायात और रेल सेवाओं पर किसी प्रकार का प्रतिकूल असर न पड़े। उन्होंने मानसून के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने और संवेदनशील स्थलों पर 24 घंटे निगरानी बनाए रखने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जलभराव या किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे यात्रियों की सुरक्षा और रेल परिचालन निर्बाध बना रहे। साथ ही सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ लगातार निगरानी रखने और हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा।

अहमदाबाद मंडल ने बताया कि मानसून को देखते हुए इंजीनियरिंग, परिचालन, सिग्नल एवं दूरसंचार, विद्युत तथा अन्य संबंधित विभागों की विशेष टीमें 24 7 फील्ड में तैनात हैं। मंडल की सर्वोच्च प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा, सुरक्षित रेल संचालन और आम नागरिकों की सुविधा सुनिश्चित करना है।