भारी बारिश के कारण 27 जुलाई को कांगड़ा वैली रेल सेवा रहेगी बंद

पठानकोट। लगातार हो रही भारी बारिश के चलते यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पठानकोट-जोगिंदर नगर नैरोगेज रेलखंड (कांगड़ा वैली रेल सेवा) पर 27 जुलाई 2026 को रेल परिचालन अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण ट्रैक की सुरक्षा और परिचालन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका को देखते हुए यह एहतियाती निर्णय लिया गया है। मौसम की स्थिति सामान्य होने और ट्रैक का निरीक्षण पूरा होने के बाद ही रेल सेवाओं को पुनः शुरू किया जाएगा।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें तथा असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक यात्रा की योजना बनाएं।