7 दिन बाद फिर शुरू हुई मां वैष्णो देवी यात्रा, श्रद्धालुओं में लौटी खुशी; पारंपरिक मार्ग से जारी दर्शन

कटड़ा। लगातार सात दिनों तक खराब मौसम और सुरक्षा कारणों से स्थगित रहने के बाद शनिवार को श्री माता वैष्णो देवी यात्रा एक बार फिर शुरू हो गई। मौसम में आंशिक सुधार होने पर श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने सुबह यात्रा बहाल करने का निर्णय लिया, जिसके बाद कटड़ा में मौजूद श्रद्धालुओं में उत्साह की लहर दौड़ गई।

यात्रा शुरू होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंजीकरण केंद्रों पर पहुंचे और 'जय माता दी' के जयकारों के साथ भवन की ओर रवाना हुए। हालांकि सुबह कुछ समय के लिए तेज बारिश के कारण एहतियातन पंजीकरण प्रक्रिया अस्थायी रूप से रोकी गई, लेकिन मौसम सामान्य होते ही इसे फिर से शुरू कर दिया गया।

फिलहाल श्रद्धालुओं को पारंपरिक यात्रा मार्ग से ही यात्रा करने की अनुमति दी गई है। सुरक्षा और मरम्मत कार्यों के चलते बैटरी कार मार्ग और ताराकोट मार्ग अभी बंद हैं। श्राइन बोर्ड इन मार्गों पर सफाई और आवश्यक मरम्मत का कार्य तेजी से करा रहा है, जिन्हें मौसम पूरी तरह सामान्य होने के बाद खोला जाएगा।

यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरे यात्रा मार्ग पर एसडीआरएफ, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, जम्मू-कश्मीर पुलिस, आपदा प्रबंधन दल और श्राइन बोर्ड के अधिकारी एवं कर्मचारी तैनात हैं। प्रशासन लगातार मौसम की निगरानी कर रहा है और श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने तथा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

समाचार लिखे जाने तक करीब 2,000 श्रद्धालु पंजीकरण कर भवन के लिए रवाना हो चुके थे, जबकि पंजीकरण का सिलसिला लगातार जारी था। एक सप्ताह बाद यात्रा दोबारा शुरू होने से कटड़ा का माहौल फिर से भक्तिमय हो गया और श्रद्धालु पूरे उत्साह, आस्था और विश्वास के साथ मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आगे बढ़ते नजर आए।

श्राइन बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और मौसम की स्थिति के अनुसार यात्रा व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जा रही है। मौसम पूरी तरह अनुकूल होने के बाद अन्य मार्गों और रात्रिकालीन यात्रा पर भी निर्णय लिया जाएगा।