यात्रियों को बड़ी राहत: श्री माता वैष्णो देवी कटरा–नई दिल्ली के बीच चलेगी विशेष ट्रेन

जम्मू। यात्रियों की बढ़ती भीड़ और सुविधाजनक यात्रा को ध्यान में रखते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने श्री माता वैष्णो देवी कटरा?नई दिल्ली के बीच एक विशेष आरक्षित ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष रेल सेवा तीर्थयात्रियों और अन्य यात्रियों को अतिरिक्त राहत प्रदान करेगी।

रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 04678 25 जुलाई 2026 को श्री माता वैष्णो देवी कटरा से सुबह 9:40 बजे रवाना होगी और रात्रि 9:40 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 04677 25 जुलाई की रात 11:45 बजे नई दिल्ली से प्रस्थान करेगी और 26 जुलाई को दोपहर 12:00 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटरा पहुंचेगी।

यह विशेष ट्रेन शहीद कैप्टन तुषार महाजन, जम्मू तवी, शहीद कैप्टन सुनील कुमार चौधरी कठुआ, पठानकोट कैंट, जालंधर कैंट, लुधियाना जंक्शन, अंबाला कैंट और पानीपत सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी। इससे जम्मू, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के यात्रियों को भी सीधी एवं सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि यात्रियों की सुविधा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रेन का संचालन किया गया है, ताकि यात्रियों को कन्फर्म टिकट और आरामदायक यात्रा की बेहतर सुविधा मिल सके।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस विशेष ट्रेन का लाभ उठाएं तथा यात्रा से पहले आईआरसीटीसी वेबसाइट या रेलवे आरक्षण काउंटरों के माध्यम से टिकट और ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। यात्रियों की सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध यात्रा सुनिश्चित करने के लिए उत्तर रेलवे लगातार प्रयासरत है।