होटल फोर्ट इन में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच, सीएफओ ने दिए सुरक्षा के निर्देश

मुरादाबाद। शहर के कांठ रोड स्थित होटल फोर्ट इन में रविवार को अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने होटल पहुंचकर अग्निशमन उपकरणों, फायर अलार्म सिस्टम, फायर एक्सटिंग्विशर, आपातकालीन निकास मार्ग तथा अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सीएफओ डॉ. पाण्डेय ने होटल प्रबंधन को निर्देश दिए कि सभी अग्निशमन उपकरणों को हमेशा कार्यशील स्थिति में रखा जाए तथा उनकी नियमित जांच और रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में तत्काल बचाव एवं सुरक्षित निकासी की प्रक्रिया अपनाने के लिए सतर्क रहने और समय-समय पर फायर मॉक ड्रिल कराने की भी सलाह दी।

सीएफओ ने कहा कि होटल, अस्पताल, स्कूल और अन्य सार्वजनिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करना बेहद आवश्यक है। अग्निशमन विभाग द्वारा समय-समय पर ऐसे निरीक्षण किए जा रहे हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में जनहानि और संपत्ति के नुकसान से बचा जा सके।

अग्निशमन विभाग ने होटल प्रबंधन से सभी सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने और अग्नि सुरक्षा के प्रति निरंतर जागरूक रहने का आग्रह किया।