मुरादाबाद रोडवेज में चालक-परिचालकों के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित, अधिकारियों ने किया निरीक्षण

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के मुरादाबाद रोडवेज परिसर में शनिवार को चालक एवं परिचालकों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य कर्मचारियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच कर उन्हें स्वस्थ एवं सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराना था।

स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण क्षेत्रीय प्रबंधक अम्बरीन अख्तर और सेवा प्रबंधक अनुराग यादव ने किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कर्मचारियों से बातचीत कर नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

शिविर में एआरएम राजवती भी मौजूद रहीं। उन्होंने स्वास्थ्य शिविर के सफल संचालन की सराहना करते हुए कहा कि चालक और परिचालकों का स्वस्थ रहना सुरक्षित एवं सुगम यात्री सेवा के लिए अत्यंत आवश्यक है।

शिविर के दौरान चालक-परिचालकों के स्वास्थ्य की विभिन्न जांचें की गईं तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया। कर्मचारियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे उनके स्वास्थ्य और कार्यक्षमता के लिए उपयोगी बताया।