मुरादाबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष अभियान, दूध, बिरयानी और दही के नमूने जांच के लिए भेजे गए

मुरादाबाद। जनपद में आम लोगों को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। सहायक आयुक्त (खाद्य) राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव के निर्देश पर विभाग की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे।

अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. भूपेंद्र सिंह ने आरटीओ कार्यालय के पास स्थित एक विक्रेता से गाय के दूध का नमूना तथा मिशन कंपाउंड, सिविल लाइंस स्थित अली चिकन बिरयानी से चिकन बिरयानी का नमूना लिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी के.के. यादव ने भी उक्त प्रतिष्ठान से बिरयानी का नमूना संग्रहित किया।

इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजीव कुमार ने मंडी समिति के सामने स्थित फेमस रेस्टोरेंट से चिकन बिरयानी का नमूना लिया, जबकि खाद्य सुरक्षा अधिकारी कृपा शंकर ने बस स्टेशन स्थित करीम शमा रेस्टोरेंट से दही का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया।

विभाग ने बताया कि सभी नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहें तथा मिलावटी या अस्वच्छ खाद्य सामग्री की बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।