मुरादाबाद के पीवीआर मॉल में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच, कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण

मुरादाबाद। जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शनिवार को मुरादाबाद स्थित पीवीआर मॉल में अग्निशमन विभाग द्वारा व्यापक अग्नि सुरक्षा निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान मॉल में स्थापित अग्नि सुरक्षा उपकरणों और आपातकालीन व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया।

जिलाधिकारी डॉक्टर राजेंद्र पसिया के आदेश से मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय, अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा तथा एफएसएसओ मोहित कुमार ने अग्नि सुरक्षा मानकों का जायजा लिया। अधिकारियों ने मॉल प्रबंधन को सुरक्षा व्यवस्थाओं को हमेशा सक्रिय एवं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मॉल के सभी कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में बचाव, प्राथमिक प्रतिक्रिया, अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग तथा सुरक्षित निकासी के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही सुरक्षा कर्मियों के साथ मॉक ड्रिल आयोजित कर आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई का अभ्यास भी कराया गया।

अधिकारियों ने कहा कि नियमित निरीक्षण और प्रशिक्षण से आपदा की स्थिति में जनहानि और संपत्ति के नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता है। अग्निशमन विभाग भविष्य में भी विभिन्न संस्थानों में इस प्रकार के जागरूकता एवं सुरक्षा अभियान जारी रखेगा।