श्रावणी मेले के लिए रेलवे की विशेष तैयारी, कटिहार–मनिहारी के बीच चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

मालिगांव। श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने कटिहार?मनिहारी रेलखंड पर विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। इन ट्रेनों का उद्देश्य मेले में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं और यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है।

रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 07540/07539 कटिहार?मनिहारी?कटिहार श्रावणी मेला स्पेशल प्रत्येक दिशा में 22-22 फेरे लगाएगी। 25 जुलाई से 23 अगस्त 2026 तक ट्रेन संख्या 07540 प्रत्येक मंगलवार, बुधवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को शाम 7:00 बजे कटिहार से रवाना होकर 7:45 बजे मनिहारी पहुंचेगी।

वापसी में 26 जुलाई से 24 अगस्त 2026 तक ट्रेन संख्या 07539 प्रत्येक बुधवार, गुरुवार, शनिवार, रविवार और सोमवार को सुबह 3:30 बजे मनिहारी से चलकर 4:15 बजे कटिहार पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव मनसाही और महियारपुर स्टेशनों पर रहेगा।

इसके अलावा ट्रेन संख्या 07542/07541 कटिहार?मनिहारी?कटिहार श्रावणी मेला स्पेशल भी प्रत्येक दिशा में 8-8 फेरे लगाएगी। 27 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक ट्रेन संख्या 07542 प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को रात 8:30 बजे कटिहार से रवाना होकर 9:15 बजे मनिहारी पहुंचेगी।

वापसी में 28 जुलाई से 21 अगस्त 2026 तक ट्रेन संख्या 07541 प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को सुबह 5:15 बजे मनिहारी से प्रस्थान कर 6:00 बजे कटिहार पहुंचेगी। इस ट्रेन का भी ठहराव मनसाही और महियारपुर स्टेशनों पर होगा।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि इन विशेष ट्रेनों के संचालन से श्रावणी मेले के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी और श्रद्धालुओं को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। रेलवे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और समयबद्ध यात्रा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।