अमृत भारत स्टेशन योजना: एनएफआर के तीन रेलवे स्टेशन बने आधुनिक, यात्रियों को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं

मालीगांव। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत तीन रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास पूरा कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। रंगिया मंडल का माजबाट, अलीपुरद्वार मंडल का जलपाईगुड़ी रोड और कटिहार मंडल का हल्दीबाड़ी रेलवे स्टेशन अब आधुनिक सुविधाओं से लैस होकर यात्रियों की सेवा के लिए तैयार हैं।

एनएफआर के अनुसार, माजबाट स्टेशन का 10.19 करोड़ रुपये, जलपाईगुड़ी रोड स्टेशन का 34.80 करोड़ रुपये तथा हल्दीबाड़ी स्टेशन का लगभग 26 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया गया है। इन स्टेशनों को आधुनिक, सुरक्षित, सुलभ और यात्री-अनुकूल परिवहन केंद्र के रूप में विकसित किया गया है, जबकि स्थानीय संस्कृति और क्षेत्रीय पहचान को भी डिज़ाइन में विशेष स्थान दिया गया है।

पुनर्विकास के तहत आकर्षक स्टेशन भवन, विस्तृत सर्कुलेटिंग एरिया, आधुनिक प्रतीक्षालय, उन्नत प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, आवश्यकतानुसार लिफ्ट, दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं, आधुनिक शौचालय, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, लैंडस्केपिंग और अन्य अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं।

रेलवे का मानना है कि इन स्टेशनों के आधुनिकीकरण से यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा, क्षेत्रीय संपर्क मजबूत होगा, पर्यटन और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। इसके साथ ही 'वन स्टेशन, वन प्रोडक्ट' योजना के माध्यम से स्थानीय उत्पादों और कारीगरों को भी नया बाजार उपलब्ध होगा।

एनएफआर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किए जा रहे ये कार्य भारतीय रेलवे के आधुनिक, समावेशी और भविष्य के लिए तैयार रेल नेटवर्क के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं, जिनका लाभ यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय समुदायों को भी लंबे समय तक मिलेगा।