बाढ़ प्रभावित रेल सेक्शनों में युद्धस्तर पर बहाली कार्य, 200 से अधिक कर्मचारी जुटे

मालीगांव। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के तिनसुकिया मंडल में बाढ़ से प्रभावित रेल मार्गों पर ट्रेन सेवाओं को जल्द बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर मरम्मत और पुनर्बहाली का कार्य जारी है। डिखो नदी का जलस्तर बढ़ने से शिवसागर जिले के शिमलगुड़ी टाउन स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति बन गई है, जिससे स्टेशन यार्ड, रेल कॉलोनी और कुछ रेल पटरियां प्रभावित हुई हैं।

रेल प्रशासन ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद प्रभावित सेक्शनों में 24 घंटे निगरानी के साथ व्यापक बहाली अभियान शुरू कर दिया है। वरिष्ठ रेल अधिकारियों की निगरानी में इंजीनियरिंग टीमें लगातार राहत और मरम्मत कार्य में जुटी हुई हैं, ताकि रेल सेवाओं को जल्द से जल्द सामान्य किया जा सके।

सेले गहाट?आमगुड़ी सेक्शन में मरम्मत कार्य तेज गति से चल रहा है। यहां रेल इंजीनियरों, सुपरवाइजरों और तकनीकी कर्मचारियों सहित 200 से अधिक कर्मियों को तैनात किया गया है। टीमें ट्रैक की मरम्मत, रेल संरचना को मजबूत करने और प्रभावित स्थलों का लगातार निरीक्षण कर रही हैं, जिससे ट्रेनों का परिचालन सुरक्षित रूप से दोबारा शुरू किया जा सके।

इसके अलावा शिवसागर टाउन?शिमलगुड़ी सेक्शन में भी पिछले कई दिनों से बड़े पैमाने पर बहाली कार्य जारी है। खराब मौसम और कठिन परिस्थितियों के बावजूद रेल कर्मचारी लगातार मैदान में डटे हुए हैं और कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी बहाली कार्य की लगातार निगरानी कर रहे हैं। रेलवे प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से रेल सेवाओं को जल्द सामान्य करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। रेलवे ने इस कठिन समय में यात्रियों द्वारा दिए जा रहे सहयोग के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया है।