प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के तीन अमृत भारत स्टेशनों का किया उद्घाटन, यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 75 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन कर उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया। इनमें पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के माजबाट (असम), जलपाईगुड़ी रोड (पश्चिम बंगाल) और हल्दीबाड़ी (पश्चिम बंगाल) रेलवे स्टेशन भी शामिल हैं।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत इन तीनों स्टेशनों के पुनर्विकास पर लगभग 71 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इन स्टेशनों को आधुनिक यात्री सुविधाओं, दिव्यांगजन-अनुकूल अवसंरचना और स्थानीय सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप विकसित किया गया है।

उद्घाटन के दौरान प्रधानमंत्री ने जींद और सोनीपत के बीच भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन ?नमो ग्रीन रेल? को भी हरी झंडी दिखाई। यह ट्रेन स्वच्छ, हरित और आधुनिक रेल परिवहन की दिशा में देश की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

माजबाट रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य, राज्य सरकार के मंत्री चरण बोरो, नीलिमा देवी तथा विधायक बिकन चंद्र डेका मौजूद रहे। वहीं जलपाईगुड़ी रोड स्टेशन पर केंद्रीय शिक्षा एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार, पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री अर्जुन सिंह, राज्यसभा सांसद नगेन्द्र रॉय और लोकसभा सांसद डॉ. जयंत कुमार राय सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। हल्दीबाड़ी रेलवे स्टेशन पर भी सांसद डॉ. जयंत कुमार राय और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

रेलवे के अनुसार, पुनर्विकसित इन स्टेशनों पर आधुनिक स्टेशन भवन, बेहतर प्रतीक्षालय, दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं, उन्नत यात्री सूचना प्रणाली, स्वच्छता, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। इससे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा।

रेलवे का मानना है कि इन स्टेशनों के आधुनिकीकरण से पूर्वोत्तर और उत्तर बंगाल क्षेत्र में रेल संपर्क, पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी, साथ ही क्षेत्र के समग्र सामाजिक-आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।