लालकुआँ–राजकोट साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन 27 सितंबर तक बढ़ा

गोरखपुर। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने 05045/05046 लालकुआँ राजकोट लालकुआँ साप्ताहिक विशेष ट्रेन के संचालन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब यह ट्रेन लालकुआँ से 19 जुलाई से 27 सितंबर 2026 तक प्रत्येक रविवार तथा राजकोट से 20 जुलाई से 28 सितंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार कुल 11 अतिरिक्त फेरों के लिए संचालित की जाएगी।

रेलवे के अनुसार, यह विशेष ट्रेन उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के प्रमुख स्टेशनों से होकर चलेगी। लालकुआँ से चलकर यह किच्छा, बहेड़ी, इज्जतनगर, बरेली, बदायूं, कासगंज, मथुरा, भरतपुर, जयपुर, जोधपुर, जालोर, भीलड़ी, महेसाणा, सुरेन्द्रनगर और वांकानेर होते हुए राजकोट पहुंचेगी। वापसी में भी यही प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव रहेगा।

इस विशेष ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 2 एसएलआरडी, 11 शयनयान, 2 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 1 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी तथा 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच शामिल होंगे।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन के समय और आरक्षण की स्थिति की जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।