मुरादाबाद पीतल नगरी रोडवेज में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, चालकों-परिचालकों को सुरक्षित संचालन के दिए गए निर्देश

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के मुरादाबाद क्षेत्र द्वारा सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत मुरादाबाद और पीतलनगरी डिपो के चालक एवं परिचालकों के लिए विशेष काउंसलिंग एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना तथा यात्रियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम का आयोजन पीतलनगरी डिपो कार्यशाला और मुरादाबाद बस स्टेशन पर किया गया। इसकी शुरुआत एक जादूगर की रोचक प्रस्तुति से हुई, जिसमें मनोरंजक अंदाज में सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों और सुरक्षित वाहन संचालन का संदेश दिया गया। इस अनूठे माध्यम से चालक एवं परिचालकों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रभावी ढंग से समझाई गईं।

इसके बाद सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, सीनियर फोरमैन एवं वरिष्ठ केंद्र प्रभारी ने संयुक्त रूप से सभी चालक-परिचालकों की काउंसलिंग की। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी निर्धारित वर्दी में ड्यूटी करें, निर्धारित गति सीमा और सभी यातायात नियमों का पालन करें तथा किसी भी परिस्थिति में सड़क सुरक्षा से समझौता न करें।

अधिकारियों ने आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा लागू किए जाने वाले रूट डायवर्जन और यातायात व्यवस्था का पूरी तरह पालन करने के निर्देश भी दिए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि कोई भी बस सड़क पर अनधिकृत रूप से खड़ी नहीं की जाएगी और ऐसी स्थिति नहीं बनने दी जाएगी जिससे यातायात बाधित हो। नियमों का उल्लंघन करने वाले चालक या परिचालक के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों ने सभी चालक एवं परिचालकों से यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, नशामुक्त होकर वाहन संचालन करने तथा उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की विश्वसनीयता और बेहतर सेवा की परंपरा को बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और अनुशासन के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।