मुरादाबाद डिपो में चालक-परिचालकों की काउंसलिंग, सुरक्षित संचालन और यात्री सम्मान पर दिया गया जोर

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के मुरादाबाद डिपो में बुधवार को चालक एवं परिचालकों की काउंसलिंग आयोजित की गई। इस दौरान अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन, यात्रियों के साथ मधुर व्यवहार और निगम की आय बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।

काउंसलिंग के दौरान चालकों को निर्देश दिए गए कि वे बसों का संचालन पूरी सावधानी और जिम्मेदारी के साथ करें तथा सभी यातायात नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षित यात्रा ही निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में परिचालकों और चालकों को निगम की आय बढ़ाने के लिए निर्धारित नियमों के अनुरूप कार्य करने, अधिक से अधिक अधिकृत यात्रियों को टिकट जारी करने तथा राजस्व वृद्धि में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।

इसके साथ ही यात्रियों के प्रति विनम्र और सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानपूर्ण यात्रा उपलब्ध कराना प्रत्येक चालक और परिचालक की जिम्मेदारी है।

चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि शहर क्षेत्र में बसों को केवल निर्धारित एवं चिन्हित यात्री स्टॉप पर ही रोका जाए तथा वहीं से यात्रियों को चढ़ाया और उतारा जाए। नियमों का उल्लंघन होने की स्थिति में संबंधित चालक स्वयं जिम्मेदार होगा। परिवहन निगम ने उम्मीद जताई कि इन निर्देशों के पालन से सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और यात्री सुविधाओं में और सुधार होगा।