रेल यात्रियों के लिए बड़ी सौगात: कानपुर और आगरा से कोलकाता के लिए साप्ताहिक विशेष ट्रेनें चलेंगी

प्रयागराज। रेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने उत्तर प्रदेश को पश्चिम बंगाल से जोड़ने के लिए दो विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। अब कानपुर सेंट्रल और आगरा कैंट से कोलकाता (कोलकाता स्टेशन) के बीच साप्ताहिक विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। इससे यात्रियों को यात्रा के दौरान अधिक सुविधा मिलेगी और त्योहारों व अवकाश के दौरान बढ़ने वाली भीड़ से भी राहत मिलेगी।

रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 04157/04158 कानपुर सेंट्रल कोलकाता कानपुर सेंट्रल साप्ताहिक विशेष ट्रेन का संचालन 21 जुलाई से 30 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। यह ट्रेन कानपुर से प्रत्येक मंगलवार और कोलकाता से प्रत्येक बुधवार को कुल 11 फेरे लगाएगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 01911/01912 आगरा कैंट कोलकाता आगरा कैंट साप्ताहिक विशेष ट्रेन का संचालन 23 जुलाई से 25 सितंबर 2026 तक होगा। यह ट्रेन आगरा से प्रत्येक गुरुवार और कोलकाता से प्रत्येक शुक्रवार को कुल 10 फेरे संचालित की जाएगी।

दोनों विशेष ट्रेनें फतेहपुर, प्रयागराज (सूबेदारगंज), मिर्जापुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, सासाराम, गया, कोडरमा, पारसनाथ, गोमो, धनबाद, आसनसोल, दुर्गापुर, बर्द्धमान, बैंडेल और नैहाटी सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेंगी।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इन विशेष ट्रेनों के संचालन से उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही पर्यटन, व्यापार और पारिवारिक यात्राओं को भी बढ़ावा मिलेगा। यात्रियों से समय पर टिकट आरक्षित कर सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा करने की अपील की गई है।