यात्रियों को राहत: रेलवे ने 26 विशेष ट्रेनों की संचालन अवधि बढ़ाई, ग्वालियर-बरौनी स्पेशल के अतिरिक्त फेरे भी चलेंगे

रेल प्रशासन ने यात्रियों की बढ़ती मांग और यात्रा सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई विशेष ट्रेनों की संचालन अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसके तहत आगरा कैंट, प्रयागराज, सूबेदारगंज, कानपुर सेंट्रल, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, उधना, बांद्रा टर्मिनस, असरवा, गांधीग्राम, वलसाड और दादर के बीच संचालित 26 विशेष ट्रेनों का संचालन अगस्त और सितंबर 2026 तक बढ़ाया गया है।

रेलवे के अनुसार, आगरा कैंट उधना, प्रयागराज दादर, सूबेदारगंज बांद्रा टर्मिनस, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी बांद्रा टर्मिनस, कानपुर सेंट्रल असरवा, सूबेदारगंज उधना, प्रयागराज गांधीग्राम, सूबेदारगंज वलसाड, आगरा कैंट असरवा, प्रयागराज उधना तथा सूबेदारगंज दादर सहित कई प्रमुख स्पेशल ट्रेनों के फेरों में विस्तार किया गया है। इन ट्रेनों का संचालन विभिन्न मार्गों पर अगस्त के अंत और कुछ मामलों में सितंबर 2026 तक जारी रहेगा।

इसके अलावा, अहमदाबाद पटना विशेष ट्रेन (09447/09448) का संचालन भी एक अतिरिक्त फेरे के लिए बढ़ाया गया है। ट्रेन संख्या 09447 अहमदाबाद से 8 जुलाई 2026 तथा 09448 पटना से 10 जुलाई 2026 को अतिरिक्त फेरा लगाएगी।

रेल प्रशासन ने ग्वालियर बरौनी विशेष ट्रेन (04137/04138) के भी अतिरिक्त फेरों की घोषणा की है। यह ट्रेन 18 जुलाई से 26/27 सितंबर 2026 तक कुल 21 अतिरिक्त फेरे लगाएगी। इस ट्रेन में सामान्य, चेयर कार, स्लीपर, एसी तृतीय और एसी द्वितीय श्रेणी सहित कुल 20 कोच लगाए जाएंगे।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का समय, ठहराव और अन्य जानकारी रेलवे की आधिकारिक सूचना प्रणाली से अवश्य प्राप्त कर लें। इन विशेष ट्रेनों के संचालन अवधि विस्तार से उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र और बिहार के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।