माता वैष्णो देवी धाम पहुंचे उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, देशवासियों की सुख-समृद्धि के लिए की प्रार्थना

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गुरुवार को रियासी जिले स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री माता वैष्णो देवी धाम पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने देशवासियों के सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना करते हुए माता रानी का आशीर्वाद लिया।

आधिकारिक बयान के अनुसार, उपराज्यपाल ने त्रिकूट पर्वत पर स्थित पवित्र गुफा मंदिर में दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की। वर्तमान में वह जम्मू क्षेत्र के दौरे पर हैं और विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं।

इससे पहले बुधवार को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास का दौरा किया था। उन्होंने अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य सेवाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को यात्रियों को हर संभव सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपराज्यपाल के इस दौरे को आगामी धार्मिक यात्राओं की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।